15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रातोंरात करोड़पति बने Sabeer Bhatia का सलमान से हुआ था पंगा, ‘भाई’ ने दाग दी थी जलती सिगरेट!

Sabeer Bhatia birthday special: सबीर भाटिया भारत से लेकर अमेरिका तक कारोबारी दुनिया में एक बड़ा नाम हैं। उनके नाम कई विवाद भी जुड़े हुए हैं। पूर्व में एक बॉलीवुड अभिनेत्री के साथ भी उनका नाम जुड़ चुका है।

3 min read
Google source verification
sabeer bhatia birthday

हॉटमेल फाउंडर सबीर भाटिया विवादों में भी रहे हैं। (PC: Facebook/AI)

Sabeer Bhatia net worth: सबीर भाटिया - एक सफल आंत्रप्रेन्योर, जो रातोंरात करोड़पति बन गए। उनकी बनाई कंपनी को माइक्रोसॉफ्ट ने खरीदा और पूरी दुनिया ने इस भारतीय का जलवा देखा। सबीर ने अपने साथी जैक स्मिथ के साथ मिलकर 1996 में हॉटमेल की स्थापना की थी। माइक्रोसॉफ्ट को सबीर का यह प्रयोग इतना पसंद आया कि उसने 1997 में 400 मिलियन डॉलर में हॉटमेल को खरीद लिया। इसके बाद हॉटमेल का नाम बदलकर आउटलुक रख दिया गया। कारोबारी दुनिया में सबीर का जितना नाम है, विवादों की दुनिया में भी वह उतना ही चर्चा में रहे हैं। आज (30 दिसंबर) उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी सक्सेस स्टोरी और विवादों के बारे में जानते हैं।

मिला उम्मीद से बड़ा ऑफर

सबीर भाटिया मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। उनके पिता आर्मी में थे और मां बैंकर। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (Bits) से ग्रेजुएशन करने के बाद सबीर ने अपने दोस्त जैक स्मिथ के साथ मिलकर कुछ ऐसा किया कि पूरी दुनिया की नजरें उन पर टिक गईं। उन्होंने मुफ्त वेब आधारित ईमेल सेवा हॉटमेल की स्थापना की, जिसे बाद में माइक्रोसॉफ्ट ने आउटलुक.कॉम में बदल दिया। सबीर जानते थे कि उन्होंने कुछ बड़ा किया है, लेकिन माइक्रोसॉफ्ट से इतनी जल्दी ऑफर आएगा उन्होंने सोचा नहीं था।

सबीर ने ऐसे मचाया तहलका

कुछ वक्त पहले एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया था कि 1996 में जब उन्होंने हॉटमेल की शुरुआत की, बाजार में रॉकेटमेल (बाद में याहू) नाम से एक सर्विस भी मौजूद थी। मुकाबला कड़ा होने वाला था। सबीर के पास एक एडवांटेज यह था कि हॉटमेल पूरी तरह से फ्री था। हालांकि, इसकी वजह से खर्चे निकालना मुश्किल हो रहा था। हॉटमेल को शुरुआती फंडिंग वेंचर कैपिटल फर्म Draper Fisher Jurvetson से मिली थी। 1997 में हॉटमेल से जुड़ने वालों की संख्या लाखों में पहुंच चुकी थी। इसी बीच, सबीर को माइक्रोसॉफ्ट से ऑफर आया। सबीर ने माना था कि अगर माइक्रोसॉफ्ट से ऑफर नहीं मिलता, तो उनके लिए मुश्किल हो सकती थी।

पहले 140 फिर 400 मिलियन

सबीर ने बताया था कि शुरुआत में माइक्रोसॉफ्ट ने केवल 140 मिलियन का ऑफर दिया, जिस पर वह तैयार नहीं हुए। कई महीनों इस मुद्दे पर चर्चा चली और आखिरकार माइक्रोसॉफ्ट 400 मिलियन डॉलर के मूल्य पर राजी हुई। सबीर भाटिया ने ईकॉमर्स कंपनी आरजू इंक, शो रील और जैक्सटर एमएसएस जैसी कई दूसरी कंपनियों की भी स्थापना की, लेकिन हॉटमेल जैसी सफलता नहीं मिली। सबीर भाटिया फिलहाल अमेरिका में रहते हैं और वहां से अपने विचार प्रकट करते रहते हैं। इसी उनका भारत की इंजीनियरिंग एजुकेशन पर दिया गया बयान काफी चर्चा का विषय बन गया था ।

सबीर के 2 विवादास्पद बयान

भाटिया ने कहा था कि भारत के 99% इंजीनियर केवल ज्ञान देते हैं। सबीर भाटिया ने एक पॉडकास्ट में कहा था कि भारत के 99% इंजीनियर ग्रेजुएट्स असल में इंजीनियरिंग करते ही नहीं हैं। वह मैनेजमेंट का हिस्सा बनकर सभी को ज्ञान देना शुरू कर देते हैं। भाटिया के इस बयान के लिए उनकी जमकर आलोचना हुई थी। इसी तरह, भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर उनका एक ट्वीट भी चर्चा में रहा है। 10 जून को उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि भारत में 415 मिलियन लोग रोजाना सिर्फ 3.10 डॉलर में गुजारा करते है और आपको शर्मिंदा होने के बजाए इस बात पर गर्व है कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। शर्म करो।

ऐश्वर्या राय से करना चाहते थे शादी

हॉटमेल के फाउंडर सबीर भाटिया का नाम कई बॉलीवुड अभिनेत्रियों से भी जुड़ता रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सबीर ऐश्वर्या राय से शादी करना चाहते थे। इस बात को लेकर सलमान खान के साथ उनके झगड़ा भी हुआ था। सलमान ने गुस्से में सबीर के हाथ पर जलती सिगरेट रगड़ दी थी। साल 2001 में एक पार्टी के दौरान सलमान खान ने सबीर से पूछा था कि क्या तुम ही वो आदमी हो जो ऐश से शादी करना चाहता है? इसके बाद उन्होंने सबीर के हाथ पर सिगरेट रगड़ दी। हालांकि, सिमी ग्रेवाल ने इसे अफवाह करार देते हुए कहा था कि वह खुद पार्टी में मौजूद थीं और ऐसा कुछ नहीं हुआ। 56 वर्षीय भाटिया की नेटवर्थ 300 मिलियन डॉलर बताई जाती है।