
Mukesh Ambani
भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की फोर्ब्स सूची में 22.7 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश अंबानी इस साल भी टॉप पर बने हुए हैं। बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स ने गुरुवार को 100 सबसे रईस भारतीयों की वार्षिक सूची जारी की जिसमें मुकेश अंबानी के बाद दवा निर्माण कंपनी सन फार्मास्युटिकल के मालिक दिलीप संघवी अपनी 16.9 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के दम पर दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
हालांकि कंपनी के शेयरों के फिसलने से संघवी की कुल संपत्ति में 1.1 अरब डॉलर की गिरावट आई है। भारत के इन 100 रईसों की कुल संपत्ति 381 अरब डॉलर हो गई है, जो पिछले साल के 345 अरब डॉलर की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक है। आंकड़ों से पता चलता है कि अमीरों की संपत्ति में बहुत तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
मुकेश अंबानी के भाई अनिल अंबानी की संपत्ति पिछले कुछ साल से नहीं बढ़ी है, जिसकी वजह से वह शीर्ष 10 अमीरों में अपनी जगह नहीं बना पाएं हैं। सूची में तीसरा नाम हिंदुजा ब्रदर्स का है, जिनकी कुल संपत्ति 15.2 अरब डॉलर की है। पिछले साल हिंदुजा ब्रदर्स की कुल संपत्ति 14.8 अरब डॉलर रही थी। श्रीचंद, गोपीचंद, प्रकाश और अशोक चार भाई इस समूह का कारोबार देखते हैं। हिंदुजा समूह का कारोबार कई क्षेत्रों में फैला हुआ है।
पिछले पांच दशक से विप्रो की अगुवाई कर रहे अजीम प्रेमजी की कुल संपत्ति 15 अरब डॉलर की है और वह इस बार एक स्थान फिसलकर चौथे नंबर पर आ गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक विप्रो की कुल आय में हाल में छह प्रतिशत की गिरावट आई है, जिससे कंपनी की आय का आंकड़ा 30 करोड़ 40 लाख डॉलर हो गया है। कंपनी के विकास के लिए विप्रो अधिग्रहण में जुटी है। हाल में उसने फ्लोरिडा स्थित इंश्योरेंस टेक्नोलॉजी फर्म हेल्थ प्लान सर्विस का अधिग्रहण किया है।
टॉप टेन अमीरों में पांचवें नंबर पर पलोनजी मिस्त्री (13.9 अरब डॉलर), छठे पर लक्ष्मी मित्तल (12.5 अरब डॉलर), सातवें पर गोदरेज परिवार (12.4अरब डॉलर ), आठवें पर शिव नादर (11.4 अरब डॉलर ), नौवें पर कुमार मंगलम बिड़ला (8.8 अरब डॉलर) और दसवें पर साइरस पूनावाला (8.6 अरब डॉलर) हैं।
फोर्ब्स एशिया की संपादक नाजनीन करमाली के अनुसार ब्रेग्जिट के बाद दुनिया को भारत सात प्रतिशत से अधिक की आर्थिक विकास दर के कारण स्थिर अर्थव्यवस्था वाला देश नजर आ रहा है। इन 100 रईस भारतीयों में से अधिकतर की कंपनियों ने इस साल स्टॉक मार्केट में कमाल का प्रदर्शन किया है। घरेलू निवेश बढऩे पर इन कंपनियों के प्रदर्शन में और सुधार आने की संभावना है।
Published on:
22 Sept 2016 06:02 pm
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
