
Oyo founder Ritesh Agarwal’s father Ramesh Agarwal dies after falling from Gurgaon high-rise
देश में सस्ते होटल रूम सर्विस देने वाली कंपनी OYO के फाउंडर रितेश अग्रवाल के पिता रमेश अग्रवाल की गुरुग्राम में ऊंची इमारत की 20वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रितेश अग्रवाल उस इमारत में नहीं रहते थे, वहां केवल उनके माता-पिता रहते थे। तीन दिन पहले 7 मार्च को ही रितेश ने गीतांशा सूद के साथ शादी की है, जिसके बाद आज उनके पिता की मौत हो गई है।
शादी से पहले रितेश अग्रवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अपनी शादी का कार्ड देने गए थे। उस दौरान वह अपनी माता और मंगेतर गीतांशा सूद के साथ नजर आए थे। रितेश की शादी में पेटीएम के सीईओ विजय शेखर शर्मा और लेंसकार्ट के पीयूष बंसल सहित कई कॉर्पोरेट प्रमुख और नेता शामिल हुए थे।
रितेश अग्रवाल के पिता ने की आत्महत्या: पुलिस
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) वीरेंद्र विज ने कहा कि पुलिस को डीएलएफ द क्रेस्ट कॉन्डोमिनियम से शुक्रवार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति की 20वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई है। "मृतक की पहचान ओयो के संस्थापक रितेश अग्रवाल के पिता रमेश अग्रवाल के रूप में की गई है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उन्होंने आत्महत्या कर ली क्योंकि अपार्टमेंट की रेलिंग 3.5 फीट है और गिरना आकस्मिक नहीं हो सकता। हमने पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया है।"
हमारी निजता का करें सम्मान: रितेश अग्रवाल
OYO के प्रवक्ता ने रितेश अग्रवाल के पिता रमेश अग्रवाल के निधन की पुष्टि की है। इसके साथ ही रितेश अग्रवाल ने बयान जारी करते हुए कहा है कि "भारी मन से मैं और मेरा परिवार यह बताना चाहता है कि हमारे मार्गदर्शक और शक्ति, मेरे पिता रमेश अग्रवाल का 10 मार्च को निधन हो गया। उन्होंने एक पूरा जीवन जिया और हर एक दिन मुझे और हम में से कई लोगों को प्रेरित किया। उनकी मौत हमारे परिवार के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है, उनके शब्द हमारे दिलों में गहरे तक गूंजेंगे। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस दुख की घड़ी में हमारी निजता का सम्मान करें।"
Updated on:
10 Mar 2023, 6:17 PM IST
Published on:
10 Mar 2023, 6:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.