
BMC चुनाव के लिए शेयर बाजार बंद करने पर नाराज हुए नितिन कामत
मुंबई के नगर निगम चुनावों की वजह से आज गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार बंद रहे, लेकिन ये बात जेरोधा के CEO को पसंद नहीं आई। उन्होंने इसे खराब प्लानिंग कहते हुए इसकी आलोचना की है। उन्होंने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट डाली है। जो देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई है।
नितिन कामत लिखते हैं कि हमारे बाजार, जिनका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़ाव है, एक स्थानीय नगर निगम चुनाव के लिए बंद कर दिए जाते हैं, खराब प्लानिंग और सेकंड-ऑर्डर इफेक्ट्स की गंभीर समझ की कमी को दर्शाता है। वो चार्ली मंगर की कही हुई एक बात को लिखते हैं कि मुझे प्रोत्साहन दिखाओ, मैं तुम्हें परिणाम दिखा दूंगा। वो आगे कहते हैं 'यह छुट्टी बनी हुई है क्योंकि जिन लोगों की बात मायने रखती है, उनके पास बाजार की छुट्टी का विरोध करने का कोई प्रोत्साहन नहीं है।'
नितिन कामत BMC चुनावों के लिए शेयर बाजार बंद करने से इस कदर नाराज हैं कि वो लिखते हैं 'यह भी बताता है कि वैश्विक निवेशकों के लिए हमें गंभीरता से लेने में अभी कितना लंबा रास्ता तय करना बाकी है।'
आपको बता दें कि BSE और NSE दोनों ने इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव्स में आज ट्रेडिंग नहीं हो रही है, ट्रेडिंग शुक्रवार, 16 जनवरी को सामान्य रूप से फिर शुरू हो जाएगी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) ने सुबह का सेशन बंद रखा है। कमोडिटी फ्यूचर्स में ट्रेडिंग, जिसमें सोना और चांदी शामिल हैं, शाम के सत्र में शाम 5 बजे से फिर शुरू होगी।
साथ ही, यह छुट्टी एक्सचेंजों के 2026 ट्रेडिंग कैलेंडर में शामिल नहीं थी, लेकिन इस हफ्ते की शुरुआत में इसे जोड़ा गया। BSE और NSE ने अलग-अलग सर्कुलर में बताया कि महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों के कारण 15 जनवरी को ट्रेडिंग हॉलिडे रहेगा। मार्च में तीन ट्रेडिंग हॉलिडे होंगे, जबकि अप्रैल और मई में दो-दो हॉलिडे होंगे। जून और सितंबर में एक-एक हॉलिडे होगा, अक्टूबर और नवंबर में दो-दो हॉलिडे होंगे, दिसंबर में एक हॉलिडे होगा। इसके अलावा, 2026 में चार मार्केट हॉलिडे वीकेंड पर पड़ेंगे।
Updated on:
15 Jan 2026 01:04 pm
Published on:
15 Jan 2026 01:04 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
