
(चंडीगढ): पंजाब आम आदमी पार्टी के बिखरे कुनबे को फिर एक करने के प्रयास शुरू कर दिए गए है। इस सिलसिले में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल की टीम ने रविवार रात पंजाब आम आदमी पार्टी के पूर्व संयोजक सुच्चा सिंह छोटेपुर से उनके मोहाली स्थित निवास पर मुलाकात की। सुच्चा सिंह छोटेपुर को पिछले साल के विधानसभा चुनाव से कुछ माह पहले पार्टी के संयोजक पद से हटा दिया गया था। छोटेपुर ने इस पर आम आदमी पार्टी छोडकर अपना पंजाब पार्टी का गठन किया था।
छोटेपुर से मुलाकात के बाद हालांकि आम आदमी पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है और ना ही इस मुलाकात पर छोटेपुर ने ही कुछ कहा है। छोटेपुर को एक वीडियो के वायरल होने पर पंजाब प्रदेश संयोजक पद से हटाया गया था। इस वीडियो में छोटेपुर को नोटों की गड्डी लेते दिखाया गया था। छोटेपुर ने किसी तरह के गलत लेन-देन से इनकार किया था और सीबीआई से जांच करवा लेने की चुनौती भी दी थी। हालांकि उस समय छोटेपुर का पक्ष नहीं सुना गया था और उन्हें संयोजक पद से हटा दिया गया था।
छोटेपुर से केजरीवाल टीम के रूप में मिलने वालों में पंजाब के नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा और पंजाब पार्टी के सहसंयोजक डाॅ बलबीर सिंह शामिल थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार छोटेपुर की पूरे सम्मान के साथ पार्टी में वापसी तय है। पंजाब में आम आदमी पार्टी इन दिनों बिखराव की हालत में है। नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाए गए सुखपाल खैहरा ने आठ विधायकों के साथ पार्टी का समानान्तर ढांचा खडा कर दिया है। इस बिखराव को समाप्त करने के लिए केजरीवाल ने पार्टी की आधिकारिक इकाई को बागी एवं पार्टी के पूर्व नेताओं को वापसी के लिए तैयार करने को कहा है। डाॅ बलबीर सिंह और हरपाल चीमा ने हाल में कुछ और भी स्थानीय नेताओं से इस सिलसिले में मुलाकात की है।
बदले हुए हालात में पार्टी ने यह मान लिया है कि छोटेपुर एक असंतुष्ट नेता है। पार्टी ने यह भी मान लिया है कि छोटेपुर ने पार्टी के लिए बडी मेहनत की थी। वे इसीलिए नाराज है और माफी की भी मांग कर रहे है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि छेटेपुर जैसे नेताओं की वापसी के लिए पार्टी किसी भी हद तक जाने को तैयार है। अरविन्द केजरीवाल ने हाल में ही कहा था कि सुखपाल खैहरा और अन्य नेताओं को मना लिया जाएगा।
Updated on:
17 Sept 2018 03:28 pm
Published on:
17 Sept 2018 03:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
