हरियाणा के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पीके दास के खिलाफ बैनर लगाया पीके दास जी होश में आओ, किसानों, व्यापारियों, मजदूरों को मत सताओ प्रदेश की मंडियों में ई-खरीद पोर्टल नहीं चल रहा, किसानों को धक्के खाने पड़ रहे
चंडीगढ़। हरियाणा के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पीके दास के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के विधायक असीम गोयल अचानक धरने पर बैठ गए। विधानसभा परिसर के बाहर वे अकेले ही धरने पर बैठे। उन्होंने एक बैनर लगा रखा है, जिस पर लिखा है- पीके दास जी होश में आओ, किसानों, व्यापारियों, मजदूरों को मत सताओ। इससे खलबली मच गई। बता दें कि हरियाणा में कांग्रेस सांसद और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ट्रैक्टर रैली भी निकाली जा रही है। छह अक्टूबर को रैली ने हरियाणा में प्रवेश किया था।
क्या है मामला
पीकए दास हरियाणा सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचि हैं। उन पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले का प्रभार है। असील गोयल अम्बाला शहर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं। बुधवार को वे चंडीगढ़ में विधानसभा परिसर के बाहर अकेले ही धरने पर बैठ गए। मंडियों में किसानों, व्यापारियों और मजदूरों को ना सताने की अपील की।
क्या है आरोप
भाजपा विधायक असीम गोयल का कहना है कि प्रदेश की मंडियों में ई-खरीद पोर्टल नहीं चल रहा है। इस कारण किसानों को धक्के खाने पड़ रहे हैं। व्यापारियों और मजदूरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंडियों में किसानों की फसलों की सुचारू रुप से खरीद भी नहीं हुई है।
क्या है जवाब
इस बारे में आईएएस अधिकारी पीके दास का कहना है कि असीम गोयल सत्तापक्ष के विधायक हैं। जहां तक उनकी मांग की बात है तो हमारी तरफ से पूरी तैयारियां हैं। मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।