चेन्नई.
चेन्नई में मंगलवार को मौसम के अलग रंग देखने को मिले। दोपहर चार बजे तक सूरज से आग बरसी। धूप से लोग झुलस गए। वहीं, दोपहर के बाद अचानक मौसम ने करवट बदली। सूरज की तपिश बादलों के पीछे छिप गई। काले बादल छा गए। तेज हवा चलने लगी और इसके बाद शहर के कई इलाकों में बूंदा बूंदी हुई। मौसम में बदलाव से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। तापमान में भी चार डिग्री तक की गिरावट आई। ये फोटो मंगलवार शाम पांच बजे कोयम्बेडु का है। अचानक मौसम बदला और काले बादल छा गए।
पिछले दो दिन से सूरज से आग बरस रही है। सोमवार को तापमान 42 डिग्री के पास पहुंच गया था। दिन के साथ रात में भी गर्म हवाएं चल रही थीं। गर्मी से लोग परेशान थे। मंगलवार सुबह से कड़ी धूप निकल रही थी। दोपहर 12 बजे तक सडक़ों पर सन्नाटा पसर गया था। गर्मी से लोग बेहाल थे। दोपहर करीब चार बजे अचानक मौसम ने करवट ली। बादल छा गए। सूरज की तपिश कम हो गई। करीब दो घंटे तक बादल छाए रहे। इसके बाद चार बजे तेज हवा चलने लगी। शहर के कई इलाकों में तेज आधी चली। मौसम में बदलाव से मौसम खुशनुमा हो गया।