
चेन्नई में स्टालिन ने बाढ़ प्रभावित लोगों में बांटी राहत सहायता धन राशि, 24,25,336 परिवार होंगे लाभांवित
चेन्नई.
तमिलनाडु में मिचौंग चक्रवात से प्रभावित लोगों के लिए रविवार का दिन राहत भरा रहा। राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रभावित लोगों को 6,000 रुपए की राहत राशि वितरित की। बताया जा रहा है कि सहायता राशि वितरण अभियान पूरे चेन्नई में चलाया जाएगा। स्टालिन ने भारी बाढ़ के कारण बुरी तरह प्रभावित क्षेत्रों में से एक वेलचेरी के शक्ति विजयलक्ष्मी नगर में परिवारों की महिला मुखियाओं को नकद सहायता राशि देकर बाढ़ राहत वितरण की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ एचआरसीई मंत्री पीके शेखर बाबू, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण मंत्री एमए सुब्रमण्यन और संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
राज्य सरकार ने नकद सहायता प्रदान करने के लिए 1,486.93 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं जिससे चेन्नर्ई, तिरुवल्लूर, चेंगलपेट और कांचीपुरम जिलों के लगभग 25 लाख परिवारों को लाभ होगा। राहत से कुल 24,25,336 परिवारों को लाभ मिलेगा जिनमें सबसे अधिक लगभग 13.72 लाख परिवार चेन्नई के हैं। इसके बाद तिरुवल्लूर में 6.08 लाख और चेंगलपेट में 3.12 लाख परिवारों को लाभ पहुंचेगा। कांचीपुरम में 1,31,149 राशन कार्ड धारकों को इसका फायदा होगा। स्टालिन ने द्रविड़ मुन्नेत्र कषझम (द्रमुक)के कार्यकर्ताओं को लिखे पत्र में कहा कि चेन्नई और आसपास के इलाकों में बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने वाली केंद्र सरकार की टीम ने बिना किसी राजनीतिक के राज्य सरकार की सराहना की।
सीएम स्टालिन के मुताबिक बाढ़ प्रभावित जिलों में आकलन करने पहुंची केंद्र सरकार की टीम ने डीएमके सरकार के कार्यकाल में हुए पुख्ता कामकाज की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की टीम की प्रतिक्रिया डीएमके सरकार के कार्यकाल में हुए बेहतरीन और ईमानदार प्रयासों के लिए प्रमाण पत्र है। यह उन आलोचकों के मुंह पर करारा तमाचा है जो ऐसे मामलों में सियासत करने की ताक में रहते हैं। तमिलनाडु सरकार ने 9 दिसम्बर, 2023 को घोषणा की कि चेन्नई और अन्य प्रभावित तालुकों में लोगों को राशन की दुकानों के माध्यम से 6,000 रुपए की राहत राशि प्रदान की जाएगी। नकद सहायता सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों में सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक और दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे के बीच वितरित की जाएगी।
Published on:
17 Dec 2023 05:53 pm

बड़ी खबरें
View Allचेन्नई
तमिलनाडु
ट्रेंडिंग
