
Chennai News : शिक्षक भर्ती बोर्ड के सचिव रामेश्वर मुरुगन पर आय से अधिक सम्पत्ति होने पर DVAC की बड़ी कार्यवाही
चेन्नई. विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन डायरेक्टरेट (डीवीएसी) ने तमिलनाडु शिक्षक भर्ती बोर्ड के सचिव रामेश्वर मुरुगन और उनकी पत्नी समेत छह जनों पर आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है। प्रथम सूचना रिपोर्ट के अनुसार रामेश्वर मुरुगन और उनके परिवार ने अपनी आय से 354.66 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है।
रामेश्वर मुरुगन स्कूल शिक्षा विभाग में विभिन्न पदों पर तैनात रहे और वर्तमान में शिक्षक भर्ती बोर्ड के सचिव हैं। डीवीएसी के अधिकारियों ने गुरुवार को चेन्नई और कोयम्बत्तूर में उनसे संबंधित आवासों पर छापे मारे थे।
इन छापों के बाद डीवीएसी ने उनके समेत छह जनों पर FIR दर्ज कर ली। FIR में रामेश्वर मुरुगन, उनकी पत्नी अखिलांडेश्वरी, उनके पिता चिन्ना पलनीसामी, मां मंगैयरकरसी, उनके ससुर अरुवुड़ै नम्बी और सास आनंदी के नाम हैं।
FIR में आरोप लगाया गया है कि 2012 से 2016 तक विभिन्न जिम्मेदारियां संभालने वाले रामेश्वर मुरुगन ने अपनी आय से अधिक 354.66% संपत्ति अपने और परिवार के नाम पर जोड़ी है। निदेशालय ने उस चार साल की अवधि के दौरान जमा की गई संपत्ति की एक सूची भी प्रकाशित की है। बताया गया है कि रामेश्वर मुरुगन के पास 1 करोड़ 98 लाख की संपत्ति, उनकी पत्नी और उनके परिवार के नाम पर 6 करोड़ 52 लाख 50 हजार की संपत्ति है। गणना और विश्लेषण पर पाया गया कि यह उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से 354.66% अधिक है।
ईरोड और चेन्नई में छापेमारी
उल्लेखनीय है कि डीवीएसी ने ईरोड जिले के गोबीचेट्टीपालयम में मुरुगन की मां और पिता के घर तथा उनके चेन्नई के किलपॉक आवास पर छापा मारा था। इस छापे में महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी बरामद होने का दाव हुआ है। सूत्रों ने बताया कि रामेश्वरम मुरुगन, पहले प्राथमिक विद्यालय विभाग के निदेशक और फिर स्कूल शिक्षा निदेशक बने। बाद में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक के रूप में कार्य किया। डीवीएसी का आरोप है कि संभाली गई विभिन्न जिम्मेदारियों में उन्होंने अनियमितताएं कीं और इसके जरिए प्राप्त कमाई का हिसाब नहीं दिखाया। उनके परिजनों पर भी चल-अचल संपत्ति अर्जित करने के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। DVAC FIR against Teacher Recruitment Board Secretary Rameshwar Murugan.
Published on:
14 Oct 2023 04:40 pm
बड़ी खबरें
View Allचेन्नई
तमिलनाडु
ट्रेंडिंग
