संगीतकार इलयराजा को डॉक्टरेट की मानद पदवी से नवाजते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - भारत की एकता की कहानी है गांधीग्राम
चेन्नई. तमिलनाडु के दिण्डीगुल जिला स्थित गांधीग्राम ग्रामीण संस्थान (मानित विवि) के दीक्षांत समारोह में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रामीण क्षेत्र के सतत व कृषि विकास और अमृत काल में युवाओं के नेतृत्व की बात कही।
उन्होंने कहा, दुनिया भारत से महान कार्य करने की अपेक्षा करती है क्योंकि भारत का भविष्य युवाओं की 'कैन डू' पीढ़ी के हाथों में है। युवा जो न केवल चुनौतियों को स्वीकार करते हैं, बल्कि उनका आनंद भी लेते हैं। युवा, जो न केवल सवाल करते हैं, बल्कि उत्तर भी ढूंढते हैं। युवा, जो न केवल निडर हैं, बल्कि अथक परिश्रमी भी हैं। युवा, जो न केवल आकांक्षा रखते हैं, बल्कि हासिल भी करते हैं। तो आज स्नातक करने वाले युवाओं के लिए उनका संदेश है कि आप नए भारत के निर्माता हैं। अगले 25 वर्षों में अमृत काल में भारत का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी आप पर है। टिकाऊ खेती एक और महत्वपूर्ण बिंदु है जिस पर युवाओं को ध्यान देना चाहिए। कृषि को मोनोकल्चर से बचाने का समय आ गया है।
राष्ट्रीय चेतना का घर
मोदी ने कहा, महात्मा गांधी ने एक अखंड और स्वतंत्र भारत के लिए लड़ाई लड़ी। गांधीग्राम अपने आप में भारत की एकता की कहानी है। यहीं पर हजारों की संख्या में ग्रामीण, गांधीजी की एक झलक पाने के लिए ट्रेन में आए थे। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता था कि वे कहां के थे? महत्वपूर्ण बात यह थी कि गांधीजी और ग्रामीण दोनों भारतीय थे। तमिलनाडु हमेशा से राष्ट्रीय चेतना का घर रहा है।
काशी-तमिल संगम
प्रधानमंत्री ने कहा, काशी में जल्द ही काशी तमिल संगम होगा। यह काशी और तमिलनाडु के बीच के संबंधों का जश्न मनाएगा। काशी के लोग तमिलनाडु की भाषा, संस्कृति और इतिहास का जश्न मनाने के लिए उत्सुक हैं। यह क्रियात्मक रूप में एक भारत श्रेष्ठ भारत है। एक दूसरे के लिए यही प्यार और सम्मान ही हमारी एकता का आधार है। वे यहां स्नातक करने वाले युवाओं से एकता को प्रोत्साहित करने पर विशेष रूप से ध्यान देने की अपील करते हैं।
आत्मा गांव की, सुविधा शहर की
महात्मा गांधी के ग्रामीण विजन की चर्चा करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का अलग-अलग होना ठीक है। अंतर भी ठीक है लेकिन विषमता नहीं होनी चाहिए। लंबे समय तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच असमानता बनी रही। लेकिन आज देश इसे सुधार रहा है। गांधीजी के खादी के सपने का उल्लेख करते हुए पीएम ने बताया कि पिछले साल खादी व ग्रामोद्योग आयोग ने १ लाख करोड़ का कारोबार किया है। गत आठ सालों में खादी सेक्टर ने ३०० प्रतिशत वृद्धि दर्ज की है।
ये थे उपस्थित
इस अवसर पर तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, विवि कुलाधिपति डॉ. केएम अण्णामलै, कुलपति प्रोफेसर गुरमीत सिंह, गांधीग्राम ग्रामीण संस्थान के कर्मचारी और सहायक कर्मचारी, विद्यार्थीगण और अभिभावक उपस्थित थे। पीएम के आगमन को लेकर दिण्डीगुल में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी। मोदी ने विवि प्रस्थान मार्ग में जनता का अभिवादन भी किया। मशहूर संगीतकार इलयराजा सहित अन्य को डॉक्टरेट की मानद पदवी से नवाजा भी गया।