
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (Photo - IANS)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने चेन्नई व्यापार केंद्र में आयोजित "सपने होंगे साकार" कार्यक्रम में Tamil Nadu 2030 का विजन प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के व्यापक विकास के लिए 14 प्रमुख क्षेत्रों की योजनाओं का खाका साझा किया, जिसमें 2030 तक लाखों घरों और स्कूलों के निर्माण समेत कई महत्वाकांक्षी लक्ष्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने "आपका सपना बताइए" योजना के समापन पर बताया कि राज्य सरकार 2030 तक ग्रामीण इलाकों में 5 लाख और शहरी क्षेत्रों में 2 लाख नए घर बनाएगी। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बीमा कवरेज बढ़ाने, कैंसर जैसी बीमारियों की पहचान के लिए विशेष शिविर, मातृ-शिशु कल्याण के लिए नई पहल और प्रत्येक जिले में मानसिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्कूली शिक्षा में ड्रॉपआउट को पूरी तरह खत्म करने, 100% स्मार्ट क्लासरूम और 1,000 मॉडल स्कूल बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात 90% तक पहुंचाने, एआइ लैब, अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय और पिछड़े वर्ग तथा अल्पसंख्यकों के लिए कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। कृषि क्षेत्र में मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक व जैविक खेती, सिंचाई, जल प्रबंधन और किसानों को उपकरण उपलब्ध कराना शामिल है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2030 तक तमिलनाडु को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है। राज्य में 18 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने और 50 लाख युवाओं को रोजगार देने की योजना बनाई गई है। हर जिले में आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित होंगे।
मत्स्य उत्पादन को 200 टन से बढ़ाकर 400 टन करने, पशुधन की संख्या 3 करोड़ तक पहुंचाने और सभी नगर निगमों में नए सांस्कृतिक केंद्र तथा वर्षा जल निकासी प्रणाली विकसित करने के लक्ष्य भी शामिल किए गए हैं। नगर प्रशासन में हरित क्षेत्र और अपशिष्ट प्रबंधन, एमएसएमई और हथकरघा उद्योग के विस्तार पर भी जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि "तमिलनाडु 2030" के माध्यम से राज्य के नागरिकों के सपने साकार करने के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित है।
Published on:
07 Mar 2026 04:26 pm
बड़ी खबरें
View Allचेन्नई
तमिलनाडु
ट्रेंडिंग
