चेन्नई.
अन्नासालै से सटे थाउजेंड लाइट इलाके में शुक्रवार सुबह एक जर्जर मकान का हिस्सा भरभराकर गिरने से सडक़ पर चल रही एक महिला की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग घायल हैं। पुरानी और जर्जर इमारत को जेसीबी की मदद से धवस्त किया जा रहा था। धमाके के साथ गिरे मकान का एक हिस्सा से उठे धूल के गुबार से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग भाग खड़े हुए। कुछ देर में ही पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी हुई तो आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक महिला का नाम प्रिया (20) है और वह मदुरै की रहने वाली है। चेन्नई में वह बैंक में काम करती है।
यह घटना थालजेंड लाइट में मस्जिद के निकट हुई। दरअसल, पुरानी इमारत का निरीक्षण किया गया और गुरुवार को इसे ध्वस्त करने का निर्णय लिया गया। शुक्रवार सुबह जेसीबी मशीन से दीवार गिराने का काम जारी था। इसी दौरान मकान का एक हिस्सा अपने आप गिरकर दूसरी दिशा की ओर गिर गया। तभी सडक़ पर चलते समय प्रिया समेत कुछ लोग मलबे में फंस गए। सूचना के बाद दमकल विभाग और पुलिस विभाग मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया। 20 मिनट के बाद गंभीर रूप से घायल प्रिया को मलबे से निकालकर रायपेट्टा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
लगा जाम, यातायात बाधित
इस हादसे की वजह से अन्नासालै में भारी संख्या में लोग जाम हो गए। वहीं यातायात बाधित हो गया और वाहनों का लम्बा जाम लग गया। करीब 1 किमी की दूरी तक वाहन रेंगते हैं। स्कूल-कॉलेज और काम पर जाने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।