
चेन्नई में गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल ने फहराया तिरंगा मुख्यमंत्री स्टालिन व वरिष्ठ अधिकारी समारोह में शामिल
चेन्नई में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह सोमवार को कामराज सालै पर खास धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह 8 बजे राज्यपाल आरएन रवि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सेना के हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के बीच राष्ट्रगान गूंजा। इस मौके पर मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, उप मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन समेत तमिलनाडु सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, विधायक और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कामराज सालै पर मुख्य समारोह का आयोजन हुआ, जहां गणतंत्र दिवस की 77वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम रखे गए। राज्यपाल रवि अपनी पत्नी लक्ष्मी रवि के साथ एयरफोर्स की मोटरसाइकिल टुकड़ी की एस्कॉर्ट में समारोह स्थल पहुंचे। ध्वजारोहण के दौरान सेना के हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। यह पांचवीं बार था जब राज्यपाल आरएन रवि ने तमिलनाडु में गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया।
गणतंत्र दिवस के मौके पर राज्यभर में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए। रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सात स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई, वहीं शहर में पुलिस ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर गश्त तेज कर दी थी।
मुख्य समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पुलिस सुरक्षा के साथ पहुंचे। सेना, नौसेना, वायुसेना और संयुक्त सेवा बैंड की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट कर राज्यपाल को सलामी दी। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष, सांसद, विधायक, मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, विदेशी राजनयिक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।
राज्यपाल आर एन रवि ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर नागरिकों से 'राष्ट्र प्रथम' की प्रतिज्ञा लेने का आह्वान किया। अपने संदेश में उन्होंने सभी देशवासियों से अपील की कि 2047 तक मिलकर आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाएं। राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान सभा के सदस्यों को श्रद्धांजलि दी और भारत की लोकतांत्रिक परंपरा को 'हमारी जीवित धरोहर' बताया।
राज्यपाल ने तमिलनाडु में रेलवे बजट के तहत 6,626 करोड़ रुपए की परियोजनाओं, 80 से अधिक स्टेशनों के आधुनिकीकरण और वंदे भारत ट्रेनों के माध्यम से क्षेत्रीय संपर्क बढ़ने का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों, मछुआरों, बुनकरों और कारीगरों से भी 'राष्ट्र प्रथम' की प्रतिज्ञा लेने की अपील की।
Published on:
26 Jan 2026 03:11 pm
बड़ी खबरें
View Allचेन्नई
तमिलनाडु
ट्रेंडिंग
