छतरपुर/बड़ामलहरा. नवरात्रि व्रत के दौरान बड़ामलहरा में एक्सपायरी डेट के सिंघाड़े के आटे का हलवा खाने से 20 लोगों की तबियत बिगड गई। इसमें से एक ही परिवार के पांच सदस्य भी शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार बड़ामलहरा में बस स्टैंड के पास रहने वाले शर्मा परिवार की पार्वती (80), प्रभा (50), पूनम ( 25 ) आदित्य (28) एवं तीन वर्षीय दर्श ने चैत्र नवरात्र के पहले दिन बुधवार को व्रत रखा था। करीब डेढ़ बजे घर में सिंघाड़े के आटे से हलवा बनाया था। सभी फलाहारी सामग्री का सेवन किया। इसके बाद पांचों लोगों की अचानक तबियत बिगडऩे लगी और उल्टियां शुरू हो गईं। सभी को बड़ामलहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी पीडि़तों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत स्थिर है।
ये लोग भी अस्पताल लाए गए
इसके अलावा भरतलाल पटेरिया उम्र 68 और उनकी पत्नी बृजकिशोरी ने भी सिंघाड़े का आटा खाया। 22 वर्षीय भूपेश पाठक, 40 वर्षीय अनीता मिश्रा, 40 वर्षीय राजेश मिश्रा, 35 वर्षीय रुपा मिश्रा, 15 वर्षीय रामजी मिश्रा, 13 वर्षीय श्याम मिश्रा की भी सिंघाड़े का आटा खाने से तबीयत बिगड़ी। इन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 52 वर्षीय शुभम तिवारी और 90 वर्षीय रामकली तिवारी की तबीयत भी बिगड़ी है।
किराने की दुकान से खरीदा था आटा
सिंघाड़े का आटा स्थानीय किराना दुकान से खरीदा था। तहसीलदार अभिनव शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर पीडि़तों से पूछताछ कर बयान लिए। उन्होंने बताया कि दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आटा पुराना एवं एक्सपायरी डेट का था, जिससे लोगों को परेशानी हुई। वहीं, बड़ामलहरा तहसीलदार त्रिलोक सिंह पोसाम ने बड़ामलहरा में सिंघाड़े का आटा न खाने के लिए अनांउसमेंट कर लोगों को अलर्ट किया है।
डॉक्टरों की निगरानी में मरीज
सिविल डॉ. जीएल अहिरवार ने बताया कि बड़ामलहरा के वार्ड नंबर 15 और क्षेत्रीय ग्राम प्रतापपुरा से मरीज सामने आए हैं। सभी मरीजों के द्वारा सिंघाड़े के आटा का सेवन करना बताया गया है जिसके बाद बड़ामलहरा क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को सचेत किया गया। सीएमएचओ डॉ. लखन तिवारी के साथ सिविल सर्जन डॉ. जीएल अहिरवार और आरएमओ अभय सिंह मरीजों की सतत निगरानी कर रहे हैं। सीएमएचओ डॉ. तिवारी ने जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की। बताया गया है कि सभी मरीजों ने जैसे ही सिंघाड़े के आटे का सेवन किया वैसे ही उन्हें उल्टियां होने लगीं। इसके बाद मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।