
रेत वाहनों की यूपी में नो इंट्री से एमपी में 6 दिन सड़क जाम, 28 ट्रक पकड़े
छतरपुर. रेत निकासी पर प्रतिबंध के बाद भी छतरपुर में खेल चलता रहा। केन नदी से 100 ट्रक से अधिक रेत निकाली गई, लेकिन उत्तरप्रदेश पुलिस ने रेत लदे इन ट्रकों को घुसने नहीं दिया। इससे मध्यप्रदेश के हिस्से में जाम लग गया। आवागमन ठप पड़ जाने के बाद छतरपुर के अफसर कार्रवाई के लिए पहुंचे, पर उनके हाथ महज 28 ट्रक ही आए। पहले से ही सूचना लीक होने के कारण अधिकतर रेत कारोबारी ट्रक खाली करके भाग निकले। पकडे़ गए ट्रकों को गौरिहार थाने मंे खड़ा करा दिया गया है। जिनके विरुद्ध ओवरलोडिंग की कार्रवाई करने की तैयारी है।
जानकारी के अनुसार रेत निकासी पर पाबंदी के दौरान ६ दिन पहले चंदपुरा क्षेत्र से 100 ट्रक रेत लोड कराई गई थी। इन्हेें उत्तरप्रदेश भेजा जाना था। लेकिन मध्यप्रदेश की सीमा से लगे बांदा जिले के मंटौध थाना क्षेत्र में उत्तरप्रदेश पुलिस ने चेकिंग लगाकर रेत का परिवहन रोक दिया। कार्रवाई के डर से ट्रक चालक चंद्रपुरा मुख्य मार्ग पर ही रुक गए। ६ दिन तक उप्र पुलिस को साधने की कोशिश हुई, लेकिन बात नहीं बनी। इस दौरान छतरपुर के खनिज विभाग के अमले ने ट्रक चालकों को पिटपास भी उपलब्ध करा दिए। इसके बाद भी उप्र मंे प्रवेश नहीं मिला। इधर चंदपुरा में ट्रकों की लंबी लाइन लगने से जाम लग गया और आवागमन ठप पड़ गया। स्थानीय नागरिकों ने आवाज उठाई तो राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
सड़क पर फैली रेत
जानकारी के अनुसार 35 से अधिक ट्रक चालक रेत सड़क पर ही गिराकर भागे, जिससे चारों तरफ रेत का ढेर लग गया। हालत यह है कि आवागमन में दिक्कत हो रही है। बताया गया है कि चंदपुरा से कुछ दूरी पर रेत से भरे ओवरलोड ट्रक खड़े होने की खबर प्रशासन के पास पहुंचने के बाद भी अधिकारी वहां नहीं गए। मुख्य मार्ग पर ही कार्रवाई कर लौट आए।
कार्रवाई से पहले भागे ट्रक चालक
रेत लदे ट्रकों को ६ दिन मौका दिए जाने के बाद जब कार्रवाई की तैयारी शुरू हुई तो इसकी भनक रेत कारोबारियांे को लग गई। जब तक टीम चंदपुरा पहुंची कई ट्रक चालक रेत सड़क के किनारे फेककर भाग निकले। जाम में फंसे २८ ट्रकों को जब्त कर गौरिहार थाने भेजा गया। कार्रवाई के लिए लवकुशनगर तहसीलदार अशोक अवस्थी, गौरिहार तहसीलदार राजेन्द्र जोशी, चंदला तहसीलदार पियूष दीक्षित के अलावा गौरिहार टीआई विनायक शुक्ला सहित अन्य पुलिस बल के साथ खनिज निरीक्षक अजय मिश्रा चंद्रपुरा पहुंचे थे। बाद में बताया कि ट्रक वालों के पास पिटपास थे, अब कार्रवाई ओवरलोडिंग की हो रही है।
&चंदपुरा में रेत के अवैध परिवहन की सूचना पर संयुक्त कार्रवाई की गई है। घेराबंदी करके रेत लदे २८ ट्रक जब्त किए गए हैं। इनके खिलाफ ओवरलोडिंग का प्रकरण बनाया जा रहा है।
अजय मिश्रा, खनिज निरीक्षक छतरपुर
Published on:
03 Oct 2019 08:41 am
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
