
साइबर जागरुकता कार्यक्रम
छतरपुर. छतरपुर पुलिस ने समाज में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों को सुरक्षित ऑनलाइन गतिविधियों के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से सेफ क्लिक अभियान का आयोजन किया है। यह अभियान राज्य पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे 11 दिवसीय साइबर सुरक्षा अभियान का हिस्सा है, जो 1 फरवरी से 11 फरवरी तक जारी रहेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन और महिला संबंधी साइबर अपराधों से बचने के उपायों के बारे में जागरूक करना है।
सेफ क्लिक अभियान के तहत पुलिस ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से स्कूलों, कॉलेजों, हॉस्टलों, सार्वजनिक स्थानों और जन चौपालों पर कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के पहले तीन दिनों में पुलिस ने छतरपुर शहर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे बस स्टैंड, दिल्ली पब्लिक स्कूल, पन्ना नाका, छत्रसाल चौक, आजाद चौक, चौबे तिराहा, गांधी चौक, और अन्य शैक्षिक संस्थानों में साइबर सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए जन जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और आम नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट, और अन्य साइबर अपराधों के बारे में सचेत किया गया। साथ ही, इस अभियान में थाना बमनौरा, थाना बाजना, थाना राजनगर, थाना भगवा, थाना गुलगंज, थाना बंसिया, थाना पिपट, थाना जुझार नगर और थाना बमीठा के क्षेत्रों में जन चौपाल भी आयोजित की गई, जहाँ लोगों को साइबर सुरक्षा के उपायों के बारे में बताया गया।
इस अभियान के पहले तीन दिनों के दौरान करीब 7000 लोगों को जागरूक किया गया। अभियान में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारी, साइबर टीम और संबंधित थाने के पुलिस अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी की। जन चौपाल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सेफ क्लिक अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया कि ऑनलाइन गतिविधियों में सतर्कता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। वित्तीय धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से बचने के लिए हर व्यक्ति को साइबर सुरक्षा उपायों को अपनाना चाहिए।अधिकारियों ने लोगों से आग्रह किया कि यदि वे किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होते हैं तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या बेवसाइट पर साइबर अपराध की रिपोर्ट दर्ज करें। इसके अलावा, किसी भी संदेहजनक गतिविधि के बारे में नजदीकी थाने में भी शिकायत की जा सकती है।
इस अभियान के दौरान छतरपुर पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ें और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहें। आगामी दिनों में पुलिस द्वारा और भी ज्यादा जगहों पर अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी नागरिक, खासकर युवा वर्ग, साइबर अपराधों से बचने के उपायों से अवगत हो सकें। इस पहल के अंतर्गत पुलिस ने साइबर अपराधों से बचने के लिए व्यापक जागरूकता फैलाने का अभियान जारी रखा है, ताकि समाज में डिजिटल अपराधों की रोकथाम संभव हो सके और नागरिकों को एक सुरक्षित डिजिटल जीवन मिल सके।
Published on:
05 Feb 2025 10:49 am

बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
