
Bharat Tiwari poster- न्याय की मांग लेकर 'मैं भी भरत तिवारी' लिखा पोस्टर लेकर छतरपुर SP ऑफिस पहुंचा युवक (फोटो सोर्स- Patrika)
Bharat Tiwari poster- मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में न्याय की मांग लेकर एक युवक पोस्टर लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा। जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मनुरिया गांव से एक मामला सामने आया है, जहां पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए एक युवक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। रवि अहिरवार नाम का यह युवक अपने हाथ में बिहार के भोजपुर जिले के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर 'भरत तिवारी' का पोस्टर लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा और स्थानीय पुलिस के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। पोस्टर पर 'मैं भी भरत तिवारी, मुझे न्याय दो, मुझे न्याय दो' लिखा था। युवक ने मध्य प्रदेश के राज्यमंत्री के भाई और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
एसपी कार्यालय परिसर में पहुंचते ही रवि अहिरवार ने गौरिहार थाना पुलिस के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। इस दौरान उसने पुलिस मुर्दाबाद और गौरिहार थाना पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। युवक की इस नारेबाजी से एसपी कार्यालय में हड़कंप मच गया और वहां मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए।
युवक रवि अहिरवार का आरोप है कि राजनीतिक प्रभाव के चलते उसके खिलाफ जानबूझकर एक फर्जी मामला दर्ज किया गया है। उसने दावा किया कि उसे बेकसूर होने के बावजूद बेवजह फंसाया जा रहा है और इस पूरे मामले में पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है। युवक ने घटनाक्रम के पीछे गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा के एक स्थानीय नेता के साथ-साथ राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार (Minister of State Dilip Ahirwar) के भाई अशोक अहिरवार (Ashok Ahirwar) का भी नाम लिया है।
एसपी कार्यालय पहुंचकर युवक ने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच करने और उसे न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की है। हालांकि, इस पूरे विरोध प्रदर्शन और युवक द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में पुलिस अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की सच्चाई और आरोपों की पुष्टि निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी, जिसके लिए क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
बता दें कि, 26 वर्षीय भारत तिवारी बिहार राज्य के भोजपुर जिले के बिलौटी नाम के गांव में रहने वाला एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर था। वह सोशल मीडिया पर स्थानीय भ्रष्टाचार, अशिक्षा और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए फेमस था। जून में पुलिस एनकाउंटर में भरत की मौत हो गई थी जिसके बाद देश में उसकी चर्चा होने लगी।
Updated on:
27 Jun 2026 09:44 pm
Published on:
27 Jun 2026 09:44 pm
