- बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे कार में सवार दो परिवार, डायल 100 का आरक्षक भी घायल
छतरपुर/ नौगांव. छतरपुर जिले के नौगांव में झांसी खजुराहो फोरलेन पर अलीपुरा व बड़ागांव के बीच पुलिस की डायल 100 व एक कार में आमने सामने से भिडंत हो गई। घटना में 9 लोग घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस की डायल 100 रॉन्ग साइड से आ रही थी और तभी सामने से आ रही कार से उसकी टक्कर हो गई। घायलों में दो परिवार के सात लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है। जबकि डायल 100 सवार पुलिसकर्मी व ड्राइवर को जिला अस्पताल छतरपुर ले जाया गया है। कार सवार दो परिवार के लोग बागेश्वर धाम से लौटकर भिंड जिले के सेवड़ा जा रहे थे। तभी सुबह 9.45 बजे दुर्घटना हो गई।
घायलों में चार साल का बच्चा भी शामिल
जानकारी के मुताबिक भिंड जिले के सेवड़ा के रहने वाले दो परिवार के लोग कार से बागेश्वर धाम के दर्शन करने के लिए आए थे और दर्शन कर मंगलवार की सुबह वापस सेवड़ा लौट रहे थे तभी झांसी खजुराहो फोरलेन पर अलीपुरा व बड़ागांव के बीच रॉन्ग साइड से आ रही डायल 100 से कार की सामने से टक्कर हो गई। घटना में कार में सवार 7 लोग व डायल 100 का ड्राइवर व एक आरक्षक घायल हुए हैं। घटना के बाद एबुंलेंस से सभी घायलों को नौगांव सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र लाया गया, जहां सभी का उपचार करने के बाद गंभीर पाए गए 4 साल के बच्चे समेत सभी को ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे में भिंड जिले के उमरी थाना इलाके के सेवड़ा के निवासी सुरेन्द्र भदौरिया पिता दशरथ भदौरिया उम्र 41, सौरभ पिता सुरेन्द्र उम्र 23, प्रिया पिता सुरेन्द्र उम्र 22, गौरव पिता अजय सिंह उम्र 17, रिचा पिता सुरेन्द्र उम्र 18, अंश पिता अजय सिंह उम्र 4 और सुनीता पत्नी सुरेन्द्र भदौरिया उम्र 40 वर्ष घायल हुए हैं।
आरक्षक की हालत भी गंभीर
हादसे में डायल 100 का आरक्षक भी घायल हुआ है। हंड्रेड डायल आरक्षक रविंद्र कुमार एवं पायलट राकेश सोनी भी घायल प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से रेफर किया गया है। बीएमओ डॉ. रविन्द्र पटेल ने बताया बड़ागांव के पास सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की हालात खराब होने के कारण उनको ग्वालियर रेफर किया गया है। हंड्रेड डायल में तैनात आरक्षक की भी हालत नाजुक थी जिसे उपचार के लिये जिला अस्पताल भेजा गया है।