
घटेगी गेहूं की मात्रा
छतरपुर। राज्य शासन ने राशन कार्ड धारियों को मिलने वाले गेहूं में कटौती कर दी है। कटौती की गई गेहूं की मात्रा के बराबर अब बाजार दिया जाएगा। चुनावी वादे के तहत राज्य सरकार ने चंबल के किसानों से बाजरा खरीदा है, जिसे अब सार्वजनिक वितरण प्रणाली में शामिल किया जा रहा है। जनवरी माह से राशन दुकानों के जरिए अत्योदय राशन कार्ड धारियो को 10 किलोग्राम बाजरा दिया जाएगा। वहीं अन्य राशनकार्ड धारियों के परिवार के प्रति व्यक्ति को 2 किलोग्राम बाजरा दिया जाएगा। नागरिक आपूर्ति निगम के वेयर हाउसों में बाजरा का भंडारण शुरु हो गया है। जनवरी माह के राशन उठाव में बाजरा के उठाव के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। वहीं, शासन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस मीटिंग के जरिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को भी बाजरा के वितरण के निर्देश दिए हैं।
अत्योदय परिवार का गेहूं किया कम
अंत्योदय राशन कार्डधारी को अभी तक कुल 35 किलोग्राम राशन दिया जाता था। जिसमें से 30 किलोग्राम गेहूं और 5 किलोग्राम चावल दिया जाता था। वहीं, अब नए आदेश के बाद अंत्योदय परिवार को 20 किलोग्राम गेहूं ,10 किलोग्राम बाजरा व 5 किलोग्राम चावल दिया जाएगा।
अन्य परिवार का भी गेहूं हुआ कम
शासन के नए निर्देश के बाद अन्य कार्डधारी परिवारों के प्रति व्यक्ति 2 किलोग्राम बाजरा हर महीने दिया जाएगा। जबकि इसके पहले प्रति व्यक्ति 4 किलोग्राम गेहूं और 1 किलोग्राम चावल दिया जाता था। लेकिन नए आदेश के बाद प्रति व्यक्ति 2 किलोग्राम गेहूं, 2 किलोग्राम बाजरा और 1 किलोग्राम चावल हर महीने दिया जाएगा।
भिंड-मुरैना से आ रहा बाजरा
इस वर्ष चंबल क्षेत्र के भिंड-मुरैना जिले में बाजरा की अच्छी पैदावार हुई है। सरकारी की चुनावी घोषणा के मुताबिक बाजरा की खरीदी की गई है। जिसे अब राशन दुकानों के जरिए खपाया जा रहा है। ऐसे में छतरपुर जिले के रहवासियों के लिए बाजरा का वितरण परेशानी का सबब बन सकता है, क्योंकि जिले के लोग बाजरा खाना बहुत कम पसंद करते हैं। इसलिए जिले में बाजरा का उत्पादन भी बुहत ही कम होता है।
आधा स्टॉक आ चुका
बाजरा वितरण के निर्देश शासन से आए हैं। जनवरी माह में वितरण के लिए आधा स्टॉक आ गया है, बाकी स्टॉक भी लगातार आ रहा है। जनवरी से नई व्वस्था के तहत बाजरा वितरण कराया जाएगा।
आरके तिवारी, जिला मैनेजर, नॉन
अंत्योदय परिवार को 10 किलोग्राम बाजरा व अन्य परिवारों को प्रति व्यक्ति 2 किलोग्राम बाजरा वितरण के निर्देश मिले हैं। नागरिक आपूर्ति निगम जनवरी माह के लिए बाजरा वितरण के लिए भंडारण करवा रहा है।
ऋषि शर्मा, सहायक आपूर्ति अधिकारी
Published on:
26 Dec 2020 08:43 pm

बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
