3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP के इस ऐतिहासिक शहर में मिला 500 साल पुराना खजाना, लूटने उमड़ा पूरा गांव

मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक शहर में महल के निर्माण कार्य के दौरान चल रही खुदाई में सोने के सिक्के निकलने खबर ने मचाया हड़कंप, खजाने की खबर सुनते ही सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ ने भी शुरू कर दी तलाश

2 min read
Google source verification
Chhatarpur

Rajgarh Palace में खुदाई से निकाली मिट्टी में मिले सोने के सिक्के!(प्रतिकात्मक फोटो )

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के इस मामले ने हर किसी को चौंका दिया। यहां ऐतिहासिक राजगढ़ पैलेस में निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस दौरान खुदाई के दौरान निकाली गई मिट्टी में सोने के सिक्के मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। खुदाई के बाद फेंकी गई मिट्टी में सिक्के मिलने की बात जैसे ही फैली स्थानीय गांव के सैकड़ों ग्रामीण खजाने की खोज में जुट गए।

500 साल पुराने सिक्के मिले! पढ़ें पूरा मामला

बताया जा रहा है कि राजगढ़ पैलेस की मिट्टी में 500 साल पुराने सोने के सिक्के मिले हैं। दरअसल बमीठा थाना क्षेत्र में स्थित राजगढ़ पैलेस में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान निकली मिट्टी में से कुछ लोगों को कथित तौर पर सोने के सिक्के मिले। इसके बाद यह खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और सैकड़ों ग्रामीण खजाने की तलाश में मौके पर पहुंच गए।

राजगढ़ पैलेस को बनाया जा रहा लक्जरी होटल

जानकारी के मुताबिक छतरपुर के ऐतिहासिक राजगढ़ पैलेस को ओबेरॉय ग्रुप द्वारा एक लक्जरी होटल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी सिलसिले में वहां निर्माण और खुदाई का काम किया जा रहा है। खुदाई से निकली मिट्टी को पैलेस के बाहर एक रास्ते पर डाला जा रहा था। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों की नजर मिट्टी में चमकती हुई चीजों पर पड़ी, जो सोने के सिक्के निकले।

खबर पता चलते ही मिट्टी खंगालता नजर आया पूरा गांव

जैसे ही गांव वालों को मिट्टी में सिक्के मिलने की भनक लगी, वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग अपने साथ फावड़े और जमीन खोदने के अन्य उपकरण लेकर वहां पहुंच गए। यहां आकर उन्होंने मिट्टी को खोद-खोदकर सिक्के ढूंढने शुरू कर दिए। मौके पर ऐसा माहौल बन गया जैसे सिक्कों को पाने की होड़ मची हो। हर कोई अपनी किस्मत आजमाने के लिए मिट्टी खंगालता नजर आया।

50 से 100 सिक्के मिलने का दावा सच या झूठ?

हालांकि अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय सूत्रों का कहना है कि अब तक करीब 50 से 100 सिक्के मिल चुके हैं। ये सिक्के गांव के ही 15 से 20 लोगों के हाथ लगे हैं। लोगों का यहां तक दावा है कि ये सिक्के करीब 500 साल पुराने और शुद्ध सोने के हैं। प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और न ही सिक्कों की ऐतिहासिकता की कोई पुष्टि की गई है।