नौगांव में ठंड ने अब तक के सारे रेकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं
छतरपुर. जिले के नौगांव में ठंड ने अब तक के सारे रेकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। शनिवार-रविवार की रात यहां का न्यूनतम पारा माइनस में पहुंच गया। मौसम केंद्र से जारी रिपोर्ट के अनुसार पारा -1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान नौगांव में सुबह घरों के बाहर खुले में रखीं कारों, आंगन में रखीं कुर्सी पर बर्फ की परत जमी मिली थी। लोगों को गर्म कपड़ों के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिली, दिन में धूप निकालने से लोगों को राहत मिल सकी। शाम को भी ठंड का असर बीते दिनों से कम रहा।
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में मैदानी इलाकों में छतरपुर जिले के नौगांव में तापमान -1 डिग्री सेल्सियस किया गया है। इसके पहले रेकॉर्ड में इतने कम तापमान का कभी कोई जिक्र नहीं है। पारा माइनस में जाने के बाद सुबह-सुबह जब लोग उठे तो पेड़-पौधों की पत्तियों, खेतों में ओस जमकर कांच की परत जैसी चमक रही थी। इलाके में फसलों में पाला लगने की आशंका बढ़ गई है। दूसरी और एक घर के बाहर खुले आसमान के नीचे कुर्सी सोफे पर बर्फ की परत जमी मिली, तो बाहर सड़कों पर खड़ी गाडिय़ों की छत पर भी बर्फ जम गई। नौगांव में न्यूनतम पारा -१ डिग्री के साथ ही अधिकतम तापमान २३.५ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं खजुराहो में न्यूनतम ३.६ और अधिकतम २४.४ रहा। वहीं जिले में कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
धूप बचा रही फसलों को पाला से
न्यूनतम तापमान में गिरावट और घने कोहरे के कारण फसलों में पाला का खतरा बढ़ गया है। लेकिन दिन में निकलने वाली धूप फसलों को पाला से बचाए हुए है। दिन में धूप न निकलती तो फसल पाला की चपेट में आ सकती थी। हालांकि कहीं-कहीं टमाटर में पाला के लक्षण देखने को मिले हैं। लेकिन अन्य फसलों में पाला का असर फिलहाल नहीं नजर आया है। लेकिन सरसों व मटर में माहू की समस्या आने लगी है।