
157 बिजली उपभोक्ताओं के घरों में मिली चोरी
छतरपुर। शहर में 33 फीसदी बिजली चोरी या लाइन लॉस में बर्बाद जा रही है। करीब 4 करोड़ की बिलिंग में से 1 करोड़ 32 लाख रुपए तक की बिजली हर महीने चोरी हो रही है। बिजली चोरों से परेशान बिजली कंपनी चोरों के खिलाफ सतत अभियान चला रही है। सितम्बर से नवंबर तक चलाए गए इस अभियान के दौरान अब तक बिजली कंपनी छतरपुर शहर में 157 घरों में बिजली चोरी के मामले पकड़ चुकी है। कंपनी ने बिजली चोर उपभोक्ताओं को 43.97 लाख रूपए के नोटिस थमाए हैं।
बिजली कंपनी के एई रिंकू मैना ने बताया कि 33 फीसदी लाइन लॉस यानि बिजली चोरी की रिपोर्ट सामने आने के बाद कंपनी के द्वारा गल्लामण्डी फीडर, बस स्टैंड फीडर, चौक बाजार, बगौता, पीताम्बरा मंदिर के समीप आकस्मिक रूप से घरों की जांच की गई। इन जांचों में 157 उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़े गए। इनके विरूद्ध धारा 126, 135 के तहत प्रकरण तैयार किए गए हैं। इनके विरूद्ध 43.97 लाख रूपए की रिकवरी निकाली गई है।
उन्होंने बताया कि 11 दिसम्बर 2021 को जिले में लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। रिकवरी से जुड़े प्रकरणों में 30 प्रतिशत की छूट देकर ऐसे मामले निपटाए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि समय से बिजली बिल का भुगतान न करने वाले 1653 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन भी अस्थायी रूप से काटे गए हैं। इन पर कंपनी के 158.67 लाख रूपए की बकाया राशि है।
कोरोना काल के लंबित बिलों पर मिल रही छूट
बिजली कंपनी के द्वारा बताया गया है कि शहर वितरण केन्द्र छतरपुर में एक किलो वॉट तक के घरेलू उपभोक्ताओं पर जिनके ऊपर 31 अगस्त 2020 की स्थिति में बकाया राशि है ऐसे 8871 उपभोक्ताओं को बिल अदा करने पर 40 प्रतिशत राशि की छूट एवं शेष राशि को 6 आसान किश्तों में लेने की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
किसानों को अस्थाई कनेक्शन
रबी की बोवनी करने वाले किसानों को 10 हार्सपावर (एचपी) का मोटर पंप चलाने हेतु अस्थाई बिजली कनेक्शन के लिए 15 हजार 784 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। यह शुल्क चुकाने के बाद ही तीन महीने तक मोटर पंप चलाने के लिए अस्थाई बिजली कनेक्शन मिल रहा है। वहीं सिंगल फेज एक एचपी का मोटर पंप चलाने के लिए 1843 रुपए लग रहे हैं। हालांकि बिजली कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि किसानों की स्थिति को देखते हुए पहले ही सरकार ने दरें कम कर दी हैं। पूर्व में सिंगल फेज अस्थाई कनेक्शन के लिए 4222 रुपए लगते थे, जो शासन द्वारा दी जा रही सबसिडी के बाद अब 1843 रुपए में दिया जा रहा है। ये सभी दरें एक नवंबर से लागू हो चुकी है।
फैक्ट फाइल
हार्सपावर- सिंगल फेज का शुल्क
एक एचपी- 1843
दो एचपी- 3480
तीन एचपी- 5118
हार्सपावर--तीन फेज के लिए शुल्क
तीन एचपी-4879
पांच एचपी-7994
7.5/आठ एचपी-12668
दस एचपी-15784
Published on:
25 Nov 2021 05:33 pm
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
