
surendra singh death case jitu patwari demands cbi probe
MP News: मध्यप्रदेश के छतरपुर के सरानी गांव के रहने वाले सुरेन्द्र सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सियासत गरमा गई है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सुरेन्द्र सिंह के परिवार से मिलने पहुंचे और ढांढस बंधाया। इस दौरान जीतू पटवारी ने बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला भी बोला। जीतू पटवारी ने सुरेन्द्र की मौत के मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कोर्ट जाने और विधानसभा में भी मुद्दे को उठाने की बात कही है।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि यह हत्या का मामला है, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को बचाने का क्राइम किया है। उनका कहना है कि केवल टीआई को लाइन अटैच करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में जंगल राज की स्थिति बन गई है। जीतू पटवारी ने आरोप लगाते हुए ये भी कहा कि भाजपा से जुड़े लोग अपराधों में शामिल हैं और रोजाना हत्या, मारपीट व लूट की घटनाएं हो रही हैं। मृतक सुरेन्द्र सिंह के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है, लेकिन पुलिस अब तक FIR तक दर्ज नहीं कर सकी। पुलिस ने शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया, जबकि कोई स्पष्ट साक्ष्य सामने नहीं है। थाने के सीसीटीवी फुटेज और मृतक के मोबाइल की डिटेल भी गायब बताई जा रही है। जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में अद्भुत अराजकता है और रोज थाने में या थाने के बाहर भाजपा के नेता, नेताओं के बच्चे, भाजपा के कार्यकर्ता हत्याएं कर रहे हैं।
बता दें कि सुरेन्द्र सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद परिजनों ने भाजपा विधायक ललिता यादव के बेटे मोनू यादव पर हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए थे। सरानी गांव के रहने वाले 45 वर्षीय युवक सुरेन्द्र सिंह की शनिवार रात इलाज के लिए ग्वालियर ले जाते वक्त रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक की मां भानकुंवर और पत्नी ज्योति ने आरोप लगाया है कि सरपंच बृजगोपाल शिवहरे ने सुरेंद्र को फोन कर विधायक के घर बुलाया था। वहां गांव के ही रियाज खान ने पहले सुरेन्द्र को शराब पिलाई और फिर सुरेन्द्र को कोतवाली थाने ले जाया गया। वहां से पुलिस सुरेन्द्र को विधायक ललिता यादव के बेटे मोनू यादव के घर ले गई। पत्नी ज्योति के मुताबिक दोपहर 3 बजे सुरेन्द्र के विधायक के घर में होने की पुष्टि रियाज खान ने की है। मृतक की मां का कहना है कि एक महीने पहले मोनू यादव के साथ सुरेंद्र का विवाद हुआ था, जिसे इस वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है।
Published on:
09 Apr 2026 09:19 pm
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
