
भूमिपूजन
नगर पालिका परिषद छतरपुर द्वारा शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। शहर की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत दो प्रमुख स्थानों पर पानी की टंकियों का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 15 में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया गया।
शहर में अमृत 2.0 योजना के तहत लगभग 2.50 करोड़ की लागत से कुल 5 पानी की टंकियों का निर्माण किया जाना है। इसी कड़ी में लगभग 1 करोड़ रुपए की लागत वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ। सबसे पहले फिरंगी पछाड़ मुक्तिधाम में करीब 50 लाख रुपए की लागत से 750 केएल क्षमता वाली ओवरहेड टैंक का भूमिपूजन किया गया। इसके पश्चात अनगढ़ टौरिया पहाड़ी पर 450 केएल क्षमता की ग्राउंड सर्विस रिजर्वायर टंकी के निर्माण का शुभारंभ हुआ, जिसकी लागत भी लगभग 50 लाख रुपए है। इन टंकियों के निर्माण से शहर के एक बड़े हिस्से में नियमित और पर्याप्त दबाव के साथ जलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
पेयजल परियोजनाओं के शुभारंभ के साथ ही वार्ड क्रमांक 15 स्थित अनगढ़ टोरिया में विधायक निधि से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी संपन्न हुआ। 10.50 लाख रुपए की लागत से तैयार इस भवन के बन जाने से क्षेत्र के नागरिकों को अपने सामाजिक, मांगलिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा। स्थानीय निवासियों ने इस सुविधा के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि छतरपुर विधायक ललिता यादव एवं नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उनका लक्ष्य है कि नागरिकों को पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं बिना किसी बाधा के मिल सकें।
Published on:
11 Apr 2026 12:17 pm
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
