बड़ामलहरा. ग्राम राजापुर में गोली चलने से सनसनी फैल गई। घटना में पति -पत्नी घायल हुए हैं। बताया जाता है कि, चोरी करने की नीयत से नकाबपोश बदमाश घर के अंदर घुसे थे। घटना स्थल की जांच पड़ताल के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रामदयाल पिता जनका अहिरवार (40) निवासी ग्राम राजापुर थाना बड़ामलहरा व उसकी पत्नी काशीबाई अहिरवार (38) पर गोली चलने से घायल हो गए है। घायलों को 100 डायल वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ामलहरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया। बताया जाता है कि, घटना की रात पीडि़त अपनी पत्नी के साथ घर के बरामदा में सो रहा था कि, 5 अज्ञात नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुस आए और पति पत्नी को जगाकर रूपए-पैसे व जेवर की मांग करने लगे। मांग पूरी न करने पर आरोपियों ने रामदयाल पर लोहे की रॉड से प्रहार कर दिया। अपने बचाव में पति-पत्नी ने मिलकर आरोपियों पर हमला किया तब आरोपियों ने कट्टा से 3 राउंड फायर किया, इसमें एक गोली घर की दीवार में लगी व दूसरी गोली रामदयाल की जांघ में जाकर धंस गई। तीसरी गोली बगल से निकली जिसके छर्रे काशीबाई अहिरवार को लगे। घटना रात ढाई बजे के आसपास की बताई गई है। घटना की खबर लगते ही एसडीओपी शशांक जैन, थाना प्रभारी केके खनेजा पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। समूचे घटना क्रम के बाद आरोपी घटना स्थल से फरार हो गए। जाते जाते आरोपियों ने दहशत फैलाने का प्रयास भी किया। बताते हैं कि, पास में ही रहने वाले रामसहाय यादव के घर के दरवाजे पर भी गोली चलाई।
तहसीलदार ने घायल के कथन दर्ज किए
घटना में घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ामलहरा लाया गया। डॉक्टर केपी बामोरिया ने घायलो का प्राथमिक उपचार कर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया। घटना की खबर लगते ही तहसीलदार आलोक जैन अस्पताल पहुंचे और गंभीर घायल रामदयाल अहिरवार के कलमबंद कथन दर्ज किए।
इनका कहना है
कुछ अज्ञात लोग रात्रि में रामदयाल के घर में घुसे थे। नींद खुलने पर संघर्ष हुआ और गोली चालानेकी घटना भी हुई। घटना में रामदयाल को गोली लगी है।
शशांक जैन, एसडीओपी बड़ामलहरा
फोटो- सीएचपी१८०५२३-75–जांच करती पुलिस