छतरपुर. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बिजऩेस कंपनी चला रहे हैं। हर जिले में उनके सीईओ है जो वसूली का काम कर रहे हैं। पन्ना में उनकी खनिज मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह से पार्टनशिप है, चंदला में भी उनकी पार्टनशिप काम कर रही है। छतरपुर प्रवास के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चंदला में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व खनिज मंत्री पर गम्भीर आरोप लगाए हैं।
दिग्विजय ने आरोप लगाया कि पन्ना व चंदला क्षेत्र में सैकड़ो जगह मशीनों से अवैध उत्खनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेरा आरोप है कि खनिज मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह व खजुराहो संसद सदस्य वीडी शर्मा का अवैध उत्खनन में हिस्सा है, पार्टनरशिप है। दिग्विजय ने कहा अजयगढ़ में बहादुर गंज सहकारी समिति में 1642 क्विंटल धान निजी तौर पर खरीदा गया, जिसका 35 लाख 52 हज़ार रुपए किसानों को आज तक नही मिला। उन्होंने कहा किसानों का पैसा खाने वाले मंत्री व सांसद के साथ घूमते हैं। इन लोगो के पास एजेंसी है, खाद विभाग की किसी के पास है, खनिज की किसी के पास है। ये मल्टी लेवल कॉरपोरेट कम्पनी संसदीय क्षेत्र में चल रही है। मेरा आरोप है कि मंत्री ब्रजेन्द्र सिंह व सांसद वीडी शर्मा अवैध वसूली कर रहे है और करा रहे हैं।
उन्होंने उड़ीसा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे पर दुख जताते हुए रेल मंत्री के लिए कहा कि अगर इनमें शर्म होगी तो अपना इस्तीफा दे देंगे। महाकाल लोक में हुए भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने कहा कि 300 करोड़ की योजना कमलनाथ ने पास की थी, जिसका ठेका शिवराज सिंह ने दिया था, जिसमें 200 करोड़ से भी ज्यादा का भ्रष्टाचार इस सरकार ने किया है। जिसका सबूत हवा के झोंके में मूर्तियां का गिरना सबके सामने है। शिवराज सिंह चौहान हमीदिया कॉलेज में पढ़ते थे जिन्हें हमारे घर से खाना ,कपड़े जाते थे लेकिन आज डंफर कांड ,व्यापम कांड, यूनिफार्म कांड ,महालोक में कांड करके इन्होंने अब साढ़े नौ करोड़ की संपत्ति अर्जित की हुई है, यह भ्रष्टाचार नहीं है तो और क्या है? उन्होने कहा कि प्रदेश व देश में परिवर्तन की लहर है। कांग्रेस सरकार बनने पर दी जाने वाली सुविधाओं का भी जिक्र किया।