
Weigh up Customer disturbed
उन्नत पचौरी
छतरपुर। महंगाई के बोझ से बेहाल हो रहे आम आदमी को घटतौली के माध्यम से दोहरीमार ङोलनी पड़ रही है। घटतौली का असर आम आदमी के बजट पर पड़ रहा है। त्यौहार के सीजन में घटतौली के मामलों में इजाफा होने लगता है। थोड़ी सी समझदारी से काम लिया जाए तो घटतौली करने वालों पर नकेल कसी जा सकती है।
महंगाई के दौर में जहां आम आदमी को घर का खर्च चलाने में दिक्कतें हो रही हैं। वहीं उपभोग की हर वस्तु में हो रही घटतौली से घर का बजट गड़बड़ा रहा है। घटतौली का ही परिणाम है कि एक माह चलने वाला एलपीजी का सिलेण्डर 20 दिन में समाप्त हो जाता है। वहीं दूसरी ओर बेहतर माइलेज के वाहनों का एवरेज गड़बड़ा रहा है। पेट्रोल की घटतौली भी जेब पर सीधा सीधा असर डालती है। राशन सामग्री की घटतौली पूरे माह के बजट को बिगाड़ रही है। लेकिन यह सब होने के बाद भी प्रशासन द्वारा कार्रवाई के नाम पर मात्र खानापूर्ति और कागजातों तक ही सामित हो कर रही है। जिससे दुकानदार भी बेखौफ होकर ग्राहकों को घटतौली का शिकार बना रहे हैं।
डिब्बा बंद व पैक्ड में भी घटतौली
डिब्बा बंद और पैक्ड वस्तुओं में भी घटतौली से उपभोक्ता को अतिरिक्त भार वहन करना पड़ रहा है। घटतौली में छोटे बड़े सभी व्यापारी शामिल हैं। इतना ही नहीं देशी और विदेशी कंपनियां भी उपभोक्ताओं के साथ घटतौली करने से बाज नहीं आ रहीं। घटतौली रोकने के लिए बनाया गया बांट माप विभाग जो कार्रवाई करता है। वह ऊंट के मुंह में जीरा साबित होती है। यही वजह है कि घटतौली को व्यापारियों ने अपना जन्म सिद्ध अधिकार समझ लिया है।
कटे बांट और टूटी तराजू से होती है तौल
सब्जी व अनाज मंडियों में सबसे बड़े पैमाने पर व्यापारियों द्वारा लोगों को घटतौली का शिकार बनाया जा रहा है। व्यापारियों द्वारा पत्थर के बांट व टूटी तराजू से सामान को तौलना आम बात हो गई है। सब्जी मंडी में तो पत्थरों के बांटों का मानो चलन ही चल निकल पडा है। मंडी में आढ़तियों से लेकर पटरी पर बैठ कर सब्जी बेचने वाले भी पत्थर के बांटों का प्रयोग खुले आम करते आ रहे हैं। पुराने और जर्जर तराजूओं का प्रयोग भी मंडी में सब्जी विक्रेताओं के द्वारा जमकर किया जाता है। ग्रामीण क्षेत्र में लगने वाले हाट बाजारों में भी घटतौली की शिकायतें अक्सर मिलती रहती हैं।
महिलाएं होती आसान शिकार
घटतौली करने वालों का सबसे आसान शिकार महिलाएं होती हैं। दैनिक उपभोग की वस्तुओं की सबसे बड़ी उपभोक्ता भी महिलाएं ही मानी जाती हैं। जैसे गैस का सिलेंडर, सब्जी, दूध व राशन की खरीद का जिम्मा अधिकांस घरों में महिलाओं पर ही होता है। यही वजह है कि विक्रेता महिलाओं के साथ आसानी से घटतौली करने में कामयाब हो जाते हैं।
हाथ ठेला दुकानदारों द्वारा अधिक मात्रा में की जा रही घटतौली
शहर में करीब पांच सौ से अधिक हाथ ठेला वाले दुकानदार हैं तो तौलाई वाली सामग्री विक्रय करते हैं। जिसमें से अधिकांस हाथ ठेला वाले दुकानदारों द्वारा पुरानी और जर्जर तराजू उपयोग में ली ता रही है और लोगों को घटतौली का शिकार बनाया जा रहा है। ऐसे में अगर कोई ग्रहक इनकी बेईमानी को पकड़ लेता है तो हाथ ठेला वाले दुकानदारों द्वारा ग्राहक के साथ बदसलूकी कर वहां से भगा दिया जाता है।
इतने आ चुके हैं मामले
नापतौल विभाग के निरिक्षक जगदीश गोडिया ने बताया कि उन्होंने वित्तीय वर्ष २०१७-२०१८ में करीब ११२ प्रकरण सामने आए थे। जिसमें से ५९ हजार ६ सौ रुपय का राजस्व प्राप्त किया गया था। वहीं इस वित्तीय वर्ष में उनके द्वारा अभी तक करीब ५० कार्रवाई की गई हैं जिसमें से १४ हजार ९ सौ रुपए का राजस्व वसूला गया है। वहीं निरीक्षक अर्चना मिश्रा ने बताया कि उनके द्वारा बीते वित्तीय वर्ष २०१७-२०१८ में ११० कार्रवाइयां की गई जिसमें उन्होंने करीब ७० हजार का राजस्व वसूला था और इस वित्तीय वर्ष में ५७ कार्रवाईयां की गई हैं जिसमें से करीब ४० हजार से अधिक का राजस्व वसूल किया है।
यह करें ग्राहक
डिब्बाबंद व पैक्ड वस्तुओं में भी घटतौली उन में प्रिंट से कम सामान को पेक कर की जाती है। घटतौली को पकडऩे के तरीके बांट को पलट कर उसकी मौहर को अवश्य देख लें। तराजू पर यदि शक हो तो सामान तौलने के तरीके को तुरंत बदलने के लिए बोलें। यानि सामान वाले पल्ले में बांट व बांट वाले पल्ले में सामान रखवा कर तुलवाएं। गड़बड़ी खुद ब खुद पकड़ में आ जाएगी।
इलेक्ट्रोनिक कांटे का प्रयोग करने वाले को मानक बांट रखना आवश्यक
शक होने पर मानक बांट इलेक्ट्रोनिक कांटे में रख कर उसे चेक करें। एलपीजी सिलेंडर का वजन गोल स्प्रिंग वाले बेलेंस कांटे पर ही कराएं। लम्बा स्प्रिंग लगा कांटा अवैध होता है। पेट्रोल पम्म पर घटतौली का शक हो तो वहां रखे स्टेंडर्ड मेजर से मशीन को चेक करें। स्टेंडर्ड मेजर सभी पेट्रोल पम्पों पर रहता है। पेक्ड वस्तु के वजन पर शक हो तो तुरंत ही उसका वजन करके देखें।
पैक्ड खाद्य तेल की एक लीटर वाली बोतल पर घटतौली का शक हो तो उसे तोल कर देखें
एक लीटर तेल का वजन बोतल सहित 9.4० ग्राम आना चाहिए। मिनरल वाटर की बोतल का वजन तोलने पर 1 किलो 30 ग्राम होना चाहिए। खाली टीन (कनस्तर) का वजन 900 ग्राम होता है। उसमें रखी वस्तु में इसका वजन जोड़ कर तोलें। मिठाई के साथ डिब्बे का वजन अलग से कराएं। आभूषण खरीदते समय रेपर व धागे का वजन साथ करने का विरोध दुकानदार से करें। नए बर्तन का वजन पन्नी व पैकिंग को हटवा कर करवाएं।
इनका कहना है
उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरुरी है। किसी भी प्रकार की घटतौली करना कानूनन के खिलाफ है। पत्थर के बांट से सामान तोलने वालों का विरोध करें। तराजू बांटों का निरीक्षण अपने स्तर से करें। घटतौली की शिकायत अवश्य करें। कार्रवाई की जाएगी।
जगदीश गोडिया नापतौल निरीक्षक छतरपुर
Published on:
28 Jul 2018 02:38 pm
बड़ी खबरें
View Allछतरपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
