छतरपुर. छतरपुर शहर में आबादी बढऩे और कई राज्यों से कनेक्टीविटी बढऩे के बाद से प्रतिदिन हजारों छोटे बड़े वाहनों को आना जाना लगा रहता है और ऐसे में मुख्य सड़कों में जाम लगने और घटनाएं होने कस सिलसिला वर्षों से जारी है। इसको देखते हुए प्रशासन की ओर से सड़क को चौड़ा किया गया, लेकिन फिर भी जाम और घटनाओं से राहत नहीं मिल सकी। चौडीकरण होने से राहगीरों को लाभ नहीं मिल सका है। यहां पर दुकानदारों या वाहनों को पार्क करने का काम किया जा रहा है।
शहर के आकाशवाणी तिराहा से लेकर महोबा रोड तक के लिए केंद्र द्वारा आया फ्लाई ओवर के स्थान पर अब सड़क का चौड़ीकरण किया जाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए पहले दोनों ओर 55-55 फीट चौड़ाई होने की नपाई की गई और फिर 12-12 फीट में लाइन डालकर मिट्टी की खुदाई कराने की तैयारी है।
इसी बीच शहर के लोगों का कहना है कि इससे पहले भी शहर के कई मुख्य सड़कों में चौडीकरण किया जा चुका है लेकिन वहां पर अभी भी लोगों को सुगम यातायात नहीं मिल पा रहा है। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से भी छुटकारा नहीं मिल सका हैै।
प्रशासन द्वारा शहर के सबसे व्यस्ततम सड़क जवाहर रोड़, बाजार रोड़, आकाशवाणी सेलेकर पुराना पन्ना नाका, सटई रोड, बिजावर नाका से देरी रोड तिराहा, नौगांव रोड सहित अन्य कई सड़कों को दोनों और कुछ स्थानों में एक ओर से चौड़ाई बढ़ाई गई थी। सड़क चौड़ी होने के बाद दुकानदारों ने सड़क तक सामान फैलाकर अतिक्रमण कर लिया और यह अतिक्रमण कई वर्ष के बाद भी प्रशासन द्वारा हटाने की ओर कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में लोगों को अभी भी संकीर्ण सड़कों जैसे हालात का सामना करना पड़ रहा है। यातायात को सुधारने के लिए नगर पालिका और यातायात सहित प्रशासन की ओर से चलाए गए कई अथियान दो दिन बाद बंद हो जाती है।
सड़कों से अतिक्रमण हटने से मिलेगी राहत
शहर के रहने वाले आशुतोष शर्मा ने बताया कि वह प्रतिदिन कार से आने जाने के दौरान सड़क में जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। कई स्थानोंं में सड़क चौड़ी होने है लेकिन वहां पर दुकानदारों या कार्यालयों के वाहनों की पार्किंग है, जिससे वाहन रेंगते हुए चलते हैं। प्रशासन को अतिक्रमण हटाकर लोगों को राहत दिलाना चाहिए।
नहीं मिल रहा चौड़ी सड़कों का लाभ
शाहर के सागर रोड निवासी शिक्षक हरनारायण कुशवाहा ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह स्कूल जाने के लिए बाइक से निकलते हैं, इस दौरान बिजावर नाका, जवाहर रोड, बस स्टैड, नौगांव रोड सहित कई स्थानों में सड़क तक अतिक्रमण होने से एक वाहन खडे होने पर जाम लग जाता है। ऐसे में जल्दी जाने वालों को खासी समस्या का सामना करना पड़ता है।
इनका कहना है
महोबा रोड में नगर पालिका की ओर से १२-१२ फीट चौड़ीकरण किया जा रहा है, बाकी का चौड़ीकरण नेशनल हाइवे की ओर से किया जाएगा। इसके लिए हम पत्र लिखेंगे। वहीं बीते वर्षों में किए गए चौड़ीकरण में जहां-जहां पर अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां पर कार्रवाई की जाएगी और फिर से अतिक्रमण न हो इसके लिए व्यवस्था की जाएगी।
देकेंद्र धाकड़, एई, नगर पालिका छतरपुर