
प्लेटफार्म में लेटी महिला
छतरपुर. दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से मानिकपुर तक जाने वाली यूपी संपर्क क्रांति टे्रन में शुक्रवार सुबह एक महिला ने चलती ट्रेन बच्ची को जन्म दिया। महिला अकेली ट्रेन से निजामुद्दीन से बांदा के लिए यात्रा कर रही थी। इसी दौरान महिला को प्रसव पीड़ा हुई और मऊरानीपुर व हरपालपुर के बीच महिला ने बच्ची को जन्म दिया। टीटीई ने इसकी जानकारी हरपालपुर स्टेशन प्रबंधक को दी। जिसके बाद स्टेशन प्रबंधक ने स्टेशन पर 108 एम्बुलेंस की मेडिकल टीम की मदद से महिला व बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर मां व नवजात शिशु पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार मनी वर्मा (२३) पति बबलू वर्मा निवासी बांदा उत्तर प्रदेश गुरुवार शाम को दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से बांदा अपने घर जाने के लिए शाम को 12448 यूपी संपर्क क्रांति की एसी बोगी में सवार हुई थी। महिला को बीच रास्ते में मऊरानीपुर स्टेशन निकलने के बाद महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। महिला की परेशानी देख आसपास यात्रियों ने टीटीई को सूचना दी। साथ ही महिला के प्रसव में मदद करने लगे। जैसे ही ट्रेन हरपालपुर स्टेशन पहुंची, तो पहले से मौजूद 108 एंबुलेंस के साथ उपस्थित प्राथमिक स्वस्थ केंद्र की एएनएम द्वारा ट्रेन की बोगी में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। इस दौरान महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्रसव होने के दौरान हरपालपुर स्टेशन पर ट्रेन 10 मिनिट से अधिक समय तक खड़ी रही। प्रसव होने के बाद डायल-१०० स्टाफ आरक्षक भान राजपूत पायलट रज्जन सोनी व 108 एम्बुलेंस की मदद से नगर के प्राथमिक स्वास्थ केंद्र मे भर्ती कराया गया। जहां नवजात व महिला को वार्ड में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों के मुताबिक नवजात उसकी मां दोनों स्वस्थ हैं। महिला के परिवार के लोग सूचना पर हरपालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए।
बच्ची को दिया ट्रेन के नाम, क्रांति रखा बच्ची का नाम
यूपी संपर्क क्रांति ट्रेन में प्रसव के दौरान महिला द्वारा बच्चे को जन्म देने पर महिला द्वारा अपनी बच्ची का नाम ट्रेन के नाम क्रांति रखा है। महिला ने बताया कि ट्रेन में बच्ची हुई इस लिए उसका नाम ट्रेन के नाम रखा है।
Published on:
20 Oct 2023 06:17 pm
