5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गैरजिम्मेदारी की हद – बच्चों को बांट दिया कीड़ों वाला खराब चावल

मध्यप्रदेश में घटिया चावल बांटने का मामला अभी जांच में ही है और वहीं दूसरी तरफ बच्चों को स्कूल में कीड़े वाले चावल बांटने का मामला सामने आया है..

2 min read
Google source verification
rasan.jpg

छतरपुर. मध्यप्रदेश में चावल को लेकर मचा बवाल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। पहले बासमती चावल की टैगिंग को लेकर सियासत गर्माई तो फिर मुर्गियों को खिलाए जाने वाली क्वालिटी का चावल गरीबों को बांटे जाने का मामला सुर्खियों में आया। इस मामले की जांच मध्यप्रदेश सरकार ने EOW को सौंपी है तो वहीं अब स्कूल के बच्चों को कीड़े वाला चावल बांट दिया गया है। मामला छतरपुर जिले का है।

बच्चों को बांट दिया खराब अनाज, चावल में चल रहे कीड़े
हरपालपुर इलाके की दो राशन दुकानों मबइया और रगौली से प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों के लिए कीड़े लगा चावल व गेहूं का वितरण किया गया है। राशन के नाम पर धांधली करने वालों ने छोटे बच्चों के स्वास्थ की चिंता न करते हुए कीड़े लगा राशन स्कूलों तक पहुंचा दिया। खराब राशन होने के बाद भी कुछ स्कूलों ने बच्चों को वितरित भी कर दिया। नौगांव वेयर हाउस से 22 अगस्त को मबइया और रगौली राशन दुकान पर राशन का आवंटन पहुंचा। जिसमें से प्राथमिक शाला रगौली, माध्यमिक शाला रगौली, प्राथमिक शाला मबइया, प्राथमिक शाला भडयापुरवा में दर्ज बच्चों के लिए गेहूं-चावल भेजा गया। 2 और 3 सितंबर को स्कूलों में पहुंचा कीड़े युक्त राशन 5 तारीख तक बच्चों को बांट भी दिया गया।

राशन दुकान संचालक और शिक्षकों का ये कैसा जवाब ?
कीड़े वाला चावल और गेहूं स्कूली बच्चों को बांटने भेजने पर जब राशन दुकान संचालक से बात की गई तो उसका कहना है कि स्कूलों के लिए आए राशन को स्कूलों में भिजवा दिया गया है। बारिश के कारण चावल भंडारण के दौरान नमी आने से कीड़े पड़ गए थे जिन्हें धोकर और सूखाकर इस्तेमाल किया जाता है। वहीं स्कूल के शिक्षकों का जवाब जानकर तो आप और भी हैरान रह जाएंगे। शिक्षकों ने खराब राशन बांटने पर कहा कि जैसा राशन आया था वैसा ही वितरित कर दिया गया है। यानि साफ है कि राशन दुकान संचालक और शिक्षक सभी को ये पता था कि चावल में कीड़े पड़ चुके हैं लेकिन इसके बावजूद उन्होंने नौनिहालों को इसे बांटने से गुरेज नहीं किया।

तहसीलदार बोले जांच कराएंगे
वहीं जब कीड़ायुक्त राशन स्कूलों तक पहुंचाए जाने के बारे में तहसीलदार बीपी सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्हें जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी, खराब राशन का वितरण हुआ है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

छतरपुर

मध्य प्रदेश न्यूज़

ट्रेंडिंग