14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कहीं दूरदराज से पानी लाने की मजबूरी तो कहीं 20 दिन बाद पहुंच रहा टैंकर

बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है

2 min read
Google source verification
Residents are bringing water

कुण्डालीकला में निर्मित पिंक सिटी कॉलोनी में महिलाएं पेयजल के लिए दूरदराज से पानी ला रही हैं। इसके अलावा बिजली, सडक़ समेत अन्य सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं। इसको लेकर इस कॉलोनी के रहवासियों ने एसडीएम छिंदवाड़ा को कॉलोनाइजर विनोद सूर्यवंशी की शिकायत की है।

एसडीएम को दी शिकायत में कॉलोनीवासी मोहन कराड़े, सुनील ढाकरिया, संध्या सलामे, सुजीत यादव समेत अन्य ने कहा कि कॉलोनाइजर ने भूखण्ड का विक्रय करते समय संपूर्ण मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पानी सडक़ एवं अन्य उपलब्ध कराने का कहकर हमारे पक्ष में रजिस्ट्री की।

आज लगभग पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी कॉलोनाइजर विनोद सूर्यवंशी ने इस कॉलोनी में किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं प्रदान नहीं की। कॉलोनाइजर ने अभी तक अपने स्वयं के नाम से टीसी कनेक्शन लेकर विद्युत सप्लाई की। विगत चार दिनों पूर्व हमारे निवास स्थान में न तो बिजली है और न ही पेयजल है। वर्तमान में बच्चों की परीक्षाएं प्रारंभ हंै। ऐसी स्थिति में बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां सडक़ भी नहीं है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि इस संबंध में कॉलोनाइजर को कहे जाने पर कोई रिस्पांस नहीं मिल रहा है। कॉलोनीवासियों ने एसडीएम से उन्हें मूलभूत सुविधाएं दिए जाने की मांग की।

गर्मी शुरू होते ही लडखड़़ाई निगम की पेयजल व्यवस्था

गर्मी के शुरू होते ही जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में पेयजल व्यवस्था लडखड़़ाने लगी है। नगर पालिक निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 22 शक्कर मिल टेकड़ी पर निवासरत परिवार के सदस्यों ने निगम उपायुक्त को तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन प्रस्तुत किया।कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में कहा कि गर्मी की शुरुआत में ही उनके वार्ड में पेयजल सप्लाई प्रभावित हो चुकी है। बीस दिन के अंतराल से पानी का टैंकर पहुंच रहा है, जो प्रतिदिन के निस्तार व पीने के लिए पर्याप्त नहीं है। वार्ड में स्ट्रीट लाइट नहीं है, साथ ही पर्याप्त बिजली आपूर्ति के अभाव में लोग घरों में पंखे भी नहीं चला पा रहे हैं।

स्थायी बिजली कनेक्शन दिए जाने की मांग अनेक बार मौखिक व लिखित रूप से की जा चुकी है। अभी तक उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया है। वार्डवासियों ने निगमायुक्त से मकान टैक्स लिए जाने की मांग रखी। ज्ञापन प्रस्तुत करते समय कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ अध्यक्ष फिरोज खान, सपना वर्मा, इरफान मंसूरी, बिलाल, तरन्नुम, संतोषी, राधा, सेवन्ती, शानु कुरैशी सहित कांग्रेस झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है गर्मी शुरू होते ही ऐसे क्षेत्रों में हर वर्ष पानी के लिए समस्या खड़ी हो जाती है। लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकाला गया।