
Navratri
छिंदवाड़ा. जिला मुख्यालय पर नवरात्र पर्व को लेकर यातायात पुलिस ने रोड मैप तैयार किया है। पूजा अर्चना व दुर्गा पंडाल में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो इस बात का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
दुर्गाउत्सव एवं दशहरा पर्व पर छिंदवाड़ा शहर के मुख्य मार्गों पर अत्याधिक भीड़ रहती है। वाहनों की लगातार आवाजाही को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था बनाई गई है। दुर्गाउत्सव की प्रथम, द्वितीय तिथि पर श्रद्धालु स्थानीय छापाखाना से दुर्गा प्रतिमाओं का दुर्गा पंडाल तक परिवहन किया जाएगा। 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक आमजन को जाम एवं अप्रिय स्थिति से बचाने के लिए निर्धारित मार्गों पर डायवर्सन एवं नो एंट्री की व्यवस्था बनाई गई है। ट्रैफिक डीएसपी सुदेश कुमार सिंह ने बताया कि 26 सितम्बर से 4 अक्टूबर तक फव्वारा चौक से गोलगंज एवं अनगढ़ हनुमान मंदिर से छापाखाना तक चौपहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। राजपाल चौक से छापाखाना, मटका बाजार तक छह पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रतिमाओं के लिए बुलाए गए बड़े वाहनों को राजपाल चौक पर खड़ा रखना होगा और यहां तक ठिलिया के माध्यम से प्रतिमाओं को राजपाल चौक लाना पड़ेगा। राम मंदिर की ओर से दुर्गा प्रतिमा परिवहन के लिए छापाखाना आने वाले भारी वाहन खिरका मोहल्ला शारदा चौक मिश्रा कॉलोनी होते हुए राजपाल चौक पहुंचेंगे। इसी तरह सिवनी मार्ग, नरसिंहपुर मार्ग, परासिया मार्ग, नागपुर मार्ग की ओर से दुर्गा प्रतिमाओं के परिवहन हेतु आने वाले वाहन भी मुख्य मार्ग का उपयोग कर राजपाल चौक पहुंचकर खड़े होंगे।
पांच साल की बच्ची को परिजन से मिलाया
छिंदवाड़ा. कोतवाली थाना पुलिस ने मंगलवार को गुमशुदा पांच वर्षीय बच्ची को परिजन तक पहुंचाया है। सूचना मिली कि एक बालिका जनपद कार्यालय के सामने अकेली रो रही है। सूचना पर प्रधान आरक्षक सुरेश और शकीला ने पहुंचकर उक्त बालिका को अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ पर उसने अपना नाम मीनाक्षी साहू पिता रमेश साहू निवासी चौरई बताया। पूछताछ के उपरांत सोशल मीडिया के माध्यम से बच्ची के परिजनों के सम्बंध में पता लगाया गया। इसी बीच सूचना मिलने पर उसके परिजन भी थाना पहुंचे तब उनके सुपुर्द किया गया। बताया जा रहा है कि आधार कार्ड बनवाने के लिए आए थे इस दौरान घूमते-घूमते वह आगे चली गई थी।
Published on:
28 Sep 2022, 4:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.