
पांढुर्ना में बिजली बकायदारों से वसूली के लिए मप्रपूक्षे विवि कम्पनी लिमि ने 6 दल बनाकर शहर में बकाया राशि वसुलने अभियान छेड़ दिया है। शहर में बिजली उपभोक्ताओं पर लगभग एक करोड़ रुपए बकाया है।
वित्तीय वर्ष के समाप्त होने से पहले उच्च अधिकारियों ने इस राशि को वसूलने के सख्त निर्देश जारी किए है। जिसके बाद विभाग द्वारा एक दो माह के बकायदारों के साथ ही पुराने बकायदार जिनके कनेक्शन काटे जा चुके है या फिर जिन्होंने सरचार्ज भरे बिना नया कनेक्शन ले लिया सभी प्रकार के बकायदारों से बिजली बिल की राशि वसूली जा रही है।
शहर के प्रभारी रविनंदन बाबू ने बताया कि सोमवार को शहर के 16 बिजली उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए है। हर दिन बकायदारों के घर पर दस्तक दी जा रही है। बकाया राशि नहीं भरने पर कनेक्शन काटने की सख्ती से कार्रवाई हो रही है।
इस कार्रवाई के दौरान उपभोक्ता से कनेक्शन काटने और जोडऩे दोनों की राशि 340 रुपए अतिरिक्त वसूली जा रही है। जेई रविनंदन बाबू ने बकायदारों से अपील की है कि वे कनेक्शन काटने की कार्रवाई की राह न देखें और जल्दी से जल्दी अपना बकाया बिल जमा कर दें।
परासिया . उमरेठ पुलिस थाना अंतर्गत ग्राम मुजावर माल के चारगांव मे ट्रांसफार्मर से अवैध कनेक्शन लेने पर रोकने से विवाद हो गया। अवैध कनेक्शन लेने वालों ने हमला कर दिया जिसमे एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए।
जानकारी अनुसार भमोड़ी निवासी नारायण यदुवंशी का खेत मुजावर में है जहां पर उसकी पत्नी और पुत्र खेती करते है। उनके घर के सामने स्थित ट्रांसफार्मर से अवैध कनेक्शन लेने पर उनके पुत्र दीपक यदुवंशी ने समझाने का प्रयास किया। साथ ही कहा कि अवैध कनेक्शन से उनके मोटर पंप को पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलेगा इस बात को लेकर चंदन प्रजापति तथा प्रशांत प्रजापाति ने हमला कर नारायण यदुवंशी, रासवती यदुवंशी तथा दीपक यदुवंशी के साथ जमकर मारपीट की एवं घायल कर दिया। तीनों का इलाज शासकीय अस्पताल परासिया में कराया गया।
शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस धारा 296, 115, 351 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। वहीं चंदन प्रजापति की शिकायत पर दीपक यदुवंशी, नारायण यदुवंशी, अंकित यदुवंशी, कन्नी उर्फ कृष्णा यदुवंशी के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
Updated on:
18 Mar 2025, 6:40 PM IST
Published on:
18 Mar 2025, 6:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.