
#MP Vidhan Sabha Election: जिस तरह से शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण है, उसी तरह से लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ्य लोकतंत्र के लिए मतदान करना महत्वपूर्ण है। यदि व्यक्ति शिक्षा से वंचित होता है, तो वह पूरे जीवन भर कई तरह की समस्या का सामना करता है। उसी तरह से यदि नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग जिम्मेदारी के साथ न करें, तो वह अपनी पसंद और योग्य प्रत्याशी को वोट देने से वंचित रह जाता है। इसलिए जरूरी है कि प्रत्येक नागरिक जिसे मतदान का अधिकार मिला है, वह मतदान के लिए अवश्य जाए। यह बात शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी में ‘पत्रिका’ की पहल पर मतदान का संकल्प लेते हुए प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कही।
प्राचार्य एससी सिंह ने विद्यालय स्टाफ को संकल्प दिलाया। सभी ने संकल्प लेते कहा कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं, कि अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मप्र विधानसभा निर्वाचन 2023 में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पत्रिका की पहल सराहनीय
चुनाव का अधिकार लोकतांत्रिक राष्ट्र की शक्ति है। प्रत्येक मतदाता जिस किसी भी प्रत्याशी को योग्य मानता है, उसे मतदान करता है। इससे वह अपने क्षेत्र, जिला, प्रदेश व राष्ट्र की उन्नति के लिए जनप्रतिनिधि का चयन करता है। इसलिए जरूरी है कि प्रत्येक मतदाता लोकतंत्र के महायज्ञ में अपने वोट की आहूति अवश्य दे। पत्रिका की पहल सराहनीय है।
- एससी सिंह, प्राचार्य, उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी
करें मतदान, दें लोकतंत्र को अपना योगदान
मुझे जब से मतदान का अधिकार मिला है, मैं अवश्य मतदान के लिए जाती हूं। प्रत्येक चुनाव में प्रत्याशी को वोट देने के पहले उसकी शिक्षा, चरित्र, कार्यशैली को ध्यान में रखकर मतदान करते हैं। मेरा सभी से कहना है कि करें मतदान, दें लोकतंत्र को अपना योगदान।
- साक्षी बोरकर, शिक्षिका
मतदान करने से न चूकें
हम अपने परिवार, आसपास और मतदाता बन रहे एक-एक विद्यार्थी को चुनाव में मतदान के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में कोई भी मतदाता मतदान करने से न चूकें। यह अवसर पांच साल में आता है, इस अवसर को नहीं छोडऩा है।
- कल्पना कोष्टा, शिक्षिका
योग्य प्रत्याशी का चयन करें
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान ही सबसे अच्छा तरीका है। यदि चुने हुए जनप्रतिनिधि योग्य होते हैं, तो वो जनता की हर जरूरत और राष्ट्र की उन्नति में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए हर एक मतदाता को सोच-समझकर मतदान से योग्य प्रत्याशी का चयन करना चाहिए।
- प्रीति जंघेला, शिक्षिका
सबसे पहले वोट देने जाएं
हर एक मतदाता का नैतिक कर्तव्य है कि मतदान के दिन वह अपने दूसरे काम को छोडकऱ सबसे पहले वोट देने जाए। हम हर चुनाव में मतदान के लिए जाते हैं और दूसरों को भी पे्ररित करते हैं। मेरा सभी से कहना है कि करें मतदान, दें लोकतंत्र को अपना योगदान।
- शाहिद खान, शिक्षक
Updated on:
12 Oct 2023 11:16 am
Published on:
12 Oct 2023 11:11 am
बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
