
नगर निगम: 50 वार्ड के हिसाब से होंगी गली-मोहल्लों की सरहद
छिंदवाड़ा/नगर निगम में अब 48 के स्थान पर 50 वार्ड होंगे। इन परिवर्तित वार्ड अवधारणा की कलेक्टर की अधिसूचना का प्रकाशन शुक्रवार को राजपत्र में हो गया। इसके साथ ही करीब 25 वार्डो की गली-मोहल्लों की सरहदें बदलेंगी। नए वार्ड और उनकी जनसंख्या की कार्यवाही एसडीएम पूरा कराएंगे। गुरुवार को पूरा नगर निगम प्रशासन वार्ड सीमाओं को लेकर जगन्नाथ स्कूल के जोन कार्यालय में उधेड़बुन करता नजर आया।
अधिसूचना के मुताबिक कलेक्टर डॉ.श्रीनिवास शर्मा द्वारा मप्र नगरपालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 405(1) की शक्तियों के तहत नगर निगम के 48 वार्ड के स्थान पर 50 वार्ड की अवधारणा की गई है। इससे पहले कलेक्टर ने नगर निगम के लिए एसडीएम अतुल सिंह को नाम निदिष्ट अधिकारी नियुक्त किया है। अधिसूचना प्रकाशन के बाद आगे एसडीएम नगरीय निकाय द्वारा अवधारित वार्डो की संख्या तथा जनगणना वर्ष 2011 के अनुसार नगर की कुल जनसंख्या में 15 प्रतिशत से अधिक का अंतर पाए जाने पर वार्डो की सीमाओं का पुर्ननिर्धारण कराएंगे और इसका प्रारंभिक प्रकाशन कराएंगे। फिर सात दिन के भीतर दावे-आपत्तियों का निराकरण कराएंगे और 31 अक्टूबर तक राजपत्र में अंतिम प्रकाशन की कार्यवाही पूर्ण कराएंगे। एसडीएम अतुल सिंह ने बातचीत में कहा कि कलेक्टर द्वारा सौंपे गए इस वार्ड संख्या और सीमा निर्धारण को समय सीमा में पूरा कराएंगे।
..
नई सीमा निर्धारण के लिए जुटा निगम
निगम के मौजूदा 48 वार्ड को तोडकऱ 50 बनाए जाने की अवधारणा से यह तय है कि गली-मोहल्लों की नई सीमा निर्धारण से करीब 25 वार्ड की सीमाएं प्रभावित होंगे। इसके लिए नगर निगम के कार्यपालन अधिकारी एनएस बघेल,इंजीनियर और वार्ड मोहर्रिर की टीम गोपनीय बैठक कर रही है। एक दिन पहले इस टीम ने जनपद पंचायत का सभाकक्ष चुना था। गुरुवार को यह टीम नरसिंहपुर रोड जगन्नाथ स्कूल के पास जोन कार्यालय में बैठक करती रही। निगम सूत्रों के मुताबिक वार्ड सीमा निर्धारित करना आसान नहीं है। एक-एक गली मोहल्लों के नक्शे को देखकर जनसंख्या का निर्धारण करना है। इसके लिए मैदानी निरीक्षण के लिए इंजीनियरों को फील्ड देखने के लिए लगाया गया है। अनुमान यह है कि ग्रामीण वार्डो को ही तोडकऱ दो अन्य वार्ड बनाए जाएंगे।
....
अब एक वार्ड में आएगा 43 सौ की आबादी का औसत
वर्ष 2014 में गठित नगर निगम में वर्ष 2011 की जनसंख्या में पुराने शहर और 27 गांवों की आबादी 215843 के आधार पर 48 वार्ड बनाए गए थे। तब एक वार्ड में आबादी का औसत 4496 आया था। इस पूरी आबादी को 50 वार्ड में विभाजित किया जाए तो अब औसत 4316 एक वार्ड में आता है। फिर निगम के क्षेत्रफल को भी इसी अनुपात में विभाजित करना होगा। कलेक्टर ने आबादी के औसत में 15 प्रतिशत के अंतर को स्वीकार करने के लिए कहा है। इस हिसाब से औसत आबादी को वार्ड क्षेत्रफल के हिसाब से कम या ज्यादा किया जा सकता है। निगम का नया नक्शा और आबादी का हिसाब एसडीएम के वार्ड सीमा प्रकाशन में काफी हद तक स्पष्ट होगा।
....
Published on:
19 Oct 2019 11:25 am

बड़ी खबरें
View Allछिंदवाड़ा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
