
Teachers union reminded CM of the announcements
छिंदवाड़ा/पांढुर्ना . आजाद अतिथि शिक्षक संघ ने शनिवार को यहां आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से महापंचायत में की गई घोषणाओं को तुरंत पूरा करने की मांग की। संघ ने ज्ञापन सौंपकर बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महापंचायत लेकर अतिथियों को माह के हिसाब से मानदेय देने, वर्ग एक को 9 के स्थान पर 18 हजार रुपए, वर्ग 2 को 7 के स्थान पर 14 हजार रुपए, वर्ग 3 को 5 के स्थान पर 10 हजार रुपए मानदेय देने की घोषणा की थी। अतिथि शिक्षकों का पूरे साल का अनुबंध करने के साथ शिक्षक भर्ती में 25 प्रतिशत की जगह 50 प्रतिशत आरक्षण का लाभ देने की बात कही थी। उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार अतिथियों को प्रतिवर्ष 4 और अधिकतम 20 अंक बोनस दिए जाने की बात भी कही थी। उक्त घोषणाओं को शीघ्र लागू किया जाए। सौंसर नगर में नवनिर्मित भाजपा कार्यालय भवन का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया। कार्यालय में हवन पूजन किया गया। इस मौके पर पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड, जिला पंचायत सदस्य संदीप मोहोड, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यालय में उद्घाटन के बाद सफाई कर्मियों का सम्मान किया। कांग्रेस के पूर्व पार्षद पवन सरोदे ने डॉ.यादव की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री ने पवन को पार्टी का दुपट्टा पहनाया।
Published on:
8 Apr 2024, 6:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.