
thieves
छिंदवाड़ा. सौंसर बाजार चौक में बुधवार दोपहर करीब 1.30 बजे चोरी की वारदात हुई है। एक बाइक की डिक्की में रखे नकदी 50 हजार रुपए दो बाइक सवार चुराकर फरार हो गए। सीसीटीवी में वारदात कैद हुई है, किन्तु वाहन पर नम्बर प्लेट नहीं थी। जिसके कारण अब उन्हें ढूंढना पुलिस के लिए चुनौती से कम नहीं होगा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहगांव निवासी रामभाउ (58) पिता महादेव बाघमारे और उसका बेटा चेतन भारतीय स्टेट बैंक सौंसर आए थे। बैंक से दोनों ने नकदी 50 हजार रुपए निकाले। दोपहिया की डिक्की में राशि रखने के बाद वे सौंसर बाजार चौक पहुंचे। वाहन को बाजार में खड़ा करने के बाद सामग्री खरीदने के लिए दोनों एक दुकान में पहुंचे इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने उतरकर डिक्की से रुपए निकाले और दोनों फरार हो गए। आस-पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी में वारदात कैद हुई है। रामभाउ की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है। चोर पांढुर्ना की तरफ भागे हैं जिनकी तलाश में एक टीम रवाना की गई है। बुधवार देर रात तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा था। बताया जा रहा है कि जिस अंदाज में चोरी की गई है उससे जाहिर हो रहा कि चोर पहले से रैकी कर रहे थे। मौका पाते ही उन्होंने रुपए पर हाथ साफ कर दिया।
जुआ खेलते गिरफ्तार
छिंदवाड़ा. लोधीखेड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार की रात को मुखबिर की सूचना पर ग्राम तिनखेड़ा में संचालित जुआफड़ पर दबिश दी है। मौके से देवराव देहारे निवासी तिनखेडा के अलावा तीन अन्य लोगों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया है। मौके से नकदी 2 हजार 7 सौ रुपए एवं ताश के 52 पत्ते जब्त कर जुआ एक्ट की धारा में प्रकरण कायम किया है।
Updated on:
15 Sep 2022, 12:42 PM IST
Published on:
15 Sep 2022, 12:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.