सीएम योगी आदित्यनाथ जनपद के दौरे पर 22 अक्टूबर को आ सकते हैं ऐसा लगभग सुनिश्चित हो चुका है। सीएम के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला सक्रियता की गोली खाकर मेहनत करने में जुट गया है। उच्चाधिकारी मातहतों को बारंबार लापरवाही की दहलीज़ न लांघने की हिदायत दे रहे हैं। फाइलों को दुरुस्त करने का कार्य भी तेजी में है। चूंकि बीच में दीवाली की छुट्टी भी पड़ रही है तो साहब लोगों को होमवर्क करने का मौका भी मिल जाएगा। सीएम योगी के प्रस्तावित दौरे को लेकर डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारीयों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। अभी मिनट टू मिनट कार्यक्रम की सूचना नहीं आई है। डीएम ने बैठक के दौरान अधिकारीयों को सख़्त निर्देश दिए हैं कि सभी लम्बित मामलों ख़ासकर सम्पूर्ण समाधान दिवस, मुख्यमंत्री जन सुनवाई, भारत सरकार से सम्बंधित शिकायती पत्र जो लम्बित हैं उन मामलों को निपटाने में ढिलाई न बरतें। सभी विभाग अपनी प्रगति रिपोर्ट तैयार कर लें।