
kovind
चित्रकूट. जगद्गुरु रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रख्यात समाजसेवी नानाजी देशमुख के प्रकल्पों को देख उनका अवलोकन कर अभिभूत नजर आए। मुक्त कंठ से उन्होंने नानाजी द्वारा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों की प्रशंसा की और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता को आवश्यक बताया। सबसे दिलचस्प नजारा उस समय देखने को मिला जब देश के प्रथम नागरिक यानी राष्ट्रपति व प्रदेश के प्रथम नागरिक राज्यपाल रामनाइक ई-रिक्शा पर सवार होकर नानाजी के प्रकल्पों का अवलोकन व भ्रमण करने निकले। सादगी का परिचय देते हुए दोनों महामहिम आरोग्यधाम व् दीनदयाल शोधसंस्थान परिसर में ई रिक्शा से घूमे और विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। राष्ट्रपति ने नानाजी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए उन्हें मानव समाज के लिए अपना सबकुछ समर्पित करने वाला महान समाजसेवी बताया। पुरानी यादों को ताजा करते हुए राष्ट्रपति ने मौजूद लोगों को अपने कुछ पुराने संस्मरण भी बताए।
विकलांग विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने चित्रकूट पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ,उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक , मध्य प्रदेश के राज्यपाल ओपी कोहली,केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रख्यात समाजसेवी नानाजी देशमुख के प्रकल्पों का अवलोकन व भ्रमण किया।
अपने आगमन के निर्धारित समय 12 बजे चित्रकूट पहुंचे राष्ट्रपति का हेलीकाप्टर आरोग्यधाम परिसर स्थित हेलीपैड पर उतरा। उड़नखटोले से उतरने के बाद राष्ट्रपति ने सर्वप्रथम परिसर में ही स्थापित नानाजी की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ में दोनों प्रदेशों के राजयपाल ,मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ,केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद सहित दोनों राज्यों की सरकारों के कई मंत्री भी उपस्थित थे।
ई रिक्शा पर सवार हुए महामहिम
हेलीकाप्टर से उतरने के बाद कारों के लम्बे काफिले की बजाय राष्ट्रपति और दोनों राज्यपाल ई रिक्शा पर सवार होकर आरोग्यधाम परिसर के भ्रमण पर निकले। परिसर में स्थापित नानाजी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने परिसर में संचालित गोवंश विकास अनुसंधान का भ्रमण किया। इस अनुसंधान केंद्र में शुद्ध देशी नस्ल की गायों का पालन पोषण संरक्षण किया जाता है। आरोग्यधाम परिसर में विभिन्न प्रकल्पों का अवलोकन करने के बाद महामहिम दीनदयाल शोधसंस्थान के भ्रमण पर निकले जहां शोधसंस्थान द्वारा चलाए जा रहे जैविक तरीके से किसानों को खेती करते हुए आत्मनिर्भर बनने के कार्यों का अवलोकन किया। राष्ट्रपति ने नानाजी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
रामदर्शन संग्राहलय का भी भ्रमण
राष्ट्रपति ने पास में ही स्थित नानाजी के प्रकल्पों में से एक रामदर्शन संग्राहलय का भी भ्रमण किया। इस संग्राहलय में विभिन्न भाषाओँ की रामायण रखी गई है व् श्री राम के चरित्रों उनकी जीवनलीलाओं को आकर्षक ढंग से उकेरा गया है। इस दौरान राष्ट्रपति जहां जहां भी गए उन्होंने इससे पहले के अपने संस्मरणों को भी याद किया।
Published on:
08 Jan 2018 05:15 pm
बड़ी खबरें
View Allचित्रकूट
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
