चित्रकूट. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थिकलश यात्रा को लेकर विपक्षियों द्वारा किए जा रहे हमले के जवाब में अब भाजपा ने भी मोर्चा थाम लिया है। चित्रकूट में अटल जी के अस्थिकलश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल केंद्रीय मंत्री व पार्टी की तेज तर्रार फायर ब्रांड नेत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि अटल जी ने हमेशा सबको साथ लेकर चलने का प्रयास किया और वे सबके हैं। भाजपा के लाखों करोड़ों कार्यकर्ताओं की भावनाएं उनसे जुड़ी हैं तो अस्थिकलश यात्रा को लेकर राजनीति कैसे हो सकती है। राजनीति का तो कोई प्रश्न ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि अटल जी ने हर क्षेत्र में कुशलतापूर्वक काम किया फिर चाहे वह राजनीति का क्षेत्र रहा हो या सामाजिक या फिर पत्रकारिता का। उन्हें जब भी जरूरत पड़ी वे प्यार का संदेश लेकर लोगों तक गए लेकिन जब भी देश को किसी ने तोड़ने का प्रयास किया तो अटल जी ने उसे मुंहतोड़ जवाब भी दिया। अटल जी हम सब के ही नहीं बल्कि देश के आदर्श हैं।