
आधी रात को घर में घुसे चोर ले गए छह लाख के जेवर-नकदी व बंदूक
चंदेरिया थानान्तर्गत चौहानों का कंथारिया गांव में हुई वारदात
चित्तौडग़ढ़. चंदेरिया थानान्तर्गत घोसुण्डा के निकट चौहानों का कंथारिया गांव में शनिवार को आधी रात बाद मकान में घुसे चोर पांच लाख के सोना-चांदी के आभूषण, एक लाख की नकदी सहित छह लाख रूपए का माल तथा टोपीदार बंदूक चुरा ले गए। रविवार को चंदेरिया थाने में इस आशय का मामला दर्ज कराया गया है। चौहानों का कंथारिया निवासी राम सिंह पुत्र अमरसिंह चौहान के घर में शनिवार को आधी रात बाद करीब दो बजे मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोरों ने प्रवेश किया और वहां बखारी में रखी पेटी में रखी चार तोला वजनी सोने की आड, दो तोला वजनी झेला, एक तोले की झुमकियां, आधा तोले की नथ, आधे तोले की रखड़ी सहित आठ तोला वजनी सोने के आभूषण, तीन किलो चांदी से निर्मित आभूषण, एक लाख रूपए नकद व रामसिंह के पिता की टोपीदार बंदूक चुरा ले गए। रिपोर्ट में रामसिंह ने बताया कि रात्रि में उनका पुत्र गोविन्दसिंह पानी पीने के लिए उठा तो मकान में सामान बिखरा हुआ था। मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और पेटी में रखे जेवर-नकदी व खूंटी पर लटकी लाइसेंसशुदा बंदूक चोरी हो चुकी थी। गोविन्दसिंह ने हल्ला किया तो कमरे से दो चोर निकलकर भागे। उसने तीनों चोरों का गांव के मंदिर तक पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आए। चोरों ने जिस कमरे में वारदात की उसके पास वाले कमरे में ही रामसिंह व उनकी पत्नी सो रही थी। चोरों ने इनके कमरे का बाहर से कुदा लगा दिया। हल्ला होने पर ग्रामीण भी जाग गए। मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। उन्होंने भी आसपास के क्षेत्र में चोरों की तलाश की, लेकिन नहीं मिले। चंदेरिया पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
Published on:
12 Jan 2020, 9:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.