
नए साल से प्रदेश के हर जिले में खुलेगा महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र
चित्तौडग़ढ़
महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने व उन्हें आत्मरक्षा के लिए सशक्त बनाने को लेकर प्रदेश के हर जिले में नए साल के पहले दिन से ही महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र शुरू होंगे। चित्तौडग़ढ़ में यह केन्द्र पुलिस लाइन के अन्वेषण भवन में खोला जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह ने बताया कि महिलाओं व बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए सशक्त बनाने के साथ ही उनके अधिकारों व कानून के बारे में सजग कर महिला अपराधों में कमी लाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस की ओर से एक जनवरी २०२० से महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारंभ किया जाएगा। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त करने से महिलाओं व बालिकाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि होगी, वहीं कानून व अपने अधिकारों के बारे में जानकारी से उनका मनोबल बढेगा। योजना का उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं को दैनिक जीवन में अत्याचार, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, यौन उत्पीडऩ, चेन स्नेचिंग, एसिड हमले तथा अन्य प्रकार की प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने व उनके आत्मविश्वास में वृद्धि कर उन्हें स्वयं की सुरक्षा के लिए आत्म निर्भर बनाना है।
चित्तौडग़ढ़ में स्थायी प्रशिक्षण केन्द्र यहां पुलिस लाइन स्थित अन्वेषण भवन में खोला जाएगा, जहां प्रशिक्षित महिला मास्टर ट्रेनर्स की ओर से इनडोर व आउटडोर सात दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण कोर्स चलाया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए तेरह वर्ष से अधिक की बालिकाओं व महिलाओं को यह प्रशिक्षण देने के बाद प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए इच्छुक बालिकाएं व महिलाएं समूह संचित निरीक्षक पुलिस लाइन चित्तौडग़ढ़ में अपना पंजीयन ३१ दिसंबर तक करवा सकेंगी।
Published on:
28 Dec 2019 03:39 pm
बड़ी खबरें
View Allचित्तौड़गढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
