चूरू. पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री सीआर चौधरी ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार के शासन में प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े। सरकार सत्ता के लिए आपस में ही संघर्ष करती नजर आई। ऐसे में प्रदेश की जनता अपने-आप को ठगा महसूस कर रही है।
चौधरी जैन गेस्ट हाउस में भाजपा के महासंपर्क अभियान को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा एक सशक्त संगठन के रूप में उभरकर सामने आया है। इसमें सांसद से लेकर मंत्री तक संगठन के काम में समय दे रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मोदी संगठन को कितना महत्व दे रहे हैं। हम सबको मिलकर मोदी के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में एकजुट होकर कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पार्टी के लिए काम करना है। चौधरी ने कहा कि ये काम किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं करना है बल्कि पार्टी के लिए करना है। इस मौके पर सांसद राहुल कस्वा ने कहा कि भाजपा देश का सबसे बड़ा संगठन है।
इस संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर कार्य करना है। भाजपा के जिला संगठन प्रभारी रामगोपाल सुथार ने तीस जून तक होने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत संयुक्त मोर्चा सम्मेलन नोहर में होगा, इसके बाद तीन कार्यक्रम चूरू में प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अलावा व्यापारी सम्मेलन, लाभार्थी सम्मेलन, योग दिवस पर कार्यक्रम, प्रबुद्धजनों को बुलाकर आपातकाल के बारे में बताने का कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा चूरू लोकसभा क्षेत्र में एक बड़ी सभा का आयोजन भी किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर पुजारी ने नौ वर्ष के सफल कार्यकाल को उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया। मंच पर पूर्व सांसद रामङ्क्षसह कस्वा, बनवारीलाल शर्मा, जिला प्रमुख वंदना आर्य, उप जिला प्रमुख महेन्द्र न्यौल, पूर्व विधायक अशोक पींचा, भाजपा नेता ओमप्रकाश सारस्वत अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस मौके पर सुरेश सारस्वत, सत्तार खान, सीताराम लुगरिया, किशन आसेरी, गोपाल बालाण, भागीरथङ्क्षसह राठौड़, दीनदयाल पारीक, शिवचंद सहू, मुरली बोचीवाल, दौलत तंवर, महावीर पूनिया, राकेश जांगिड़, राजीव शर्मा, नीरज जांगिड़ सहित अनेक लोगों ने अतिथियों को पार्टी का दुपटटा ओढाकर सम्मान किया। बैठक का संचालन महामंत्री भास्कर शर्मा ने किया।