
महेंद्र सिंह शेखावत : विधानसभा चुनाव के बाद से ही गरमाई चूरू जिले की सियासत लोकसभा चुनाव में भी चरम पर है। यहां कांग्रेस को ढाई दशक से जीत का इंतजार है तो भाजपा को डबल हैट्रिक का भरोसा है। भाजपा के देवेन्द्र झाझडि़या प्रधानमंत्री के नाम एवं काम को लेकर मैदान में हैं तो कांग्रेस के राहुल कस्वां अपने काम के साथ स्वाभिमान एवं प्रतिष्ठा को भी जोड़ रहे हैं।
मतदाताओं के मन की थाह लेने मैं चूरू की ओर निकल पड़ा। दो दिन में करीब आठ सौ किमी यात्रा का सार यही निकला कि यह चुनाव बड़े मुद्दों की बजाए चूरू जिले की सियासत के दो दिग्गजों की प्रतिष्ठा से ज्यादा जुड़ा हुआ है। सबसे पहले मैं पल्लू पहुंचा। बस स्टैंड पर ई-मित्र संचालक वाले हसन रजा से मुलाकात हुई तो उन्होंने बताया कि उनका इलाका बारानी है, लेकिन फसल बीमा को लेकर कोई पार्टी गंभीर नहीं है। उन्होंने चुटकी ली कि भाजपा ने चुनाव में मोहरा बदला है चेहरा तो वो ही है। वहीं न्योलखी गांव के केशव व चांदड़ी बड़ी के धर्मपाल ने बताया कि वो शिक्षित हैं, लेकिन रोजगार नहीं मिला।
भाजपा की डबल हैट्रिक या कस्वां की हैट्रिक
पल्लू-सरदारशहर के बीच गांव जैतासर निवासी महेन्द्रसिंह पंवार कहते हैं कि चुनाव में जातिवाद का तड़का लगाया जा रहा है। रतनगढ़-चूरू के बीच स्थित बीनासर बस स्टैंड पर ग्रामीण प्रताप सिंह ने बताया कि इस बार उलटफेर से मामला उलझ गया है। अब तो यह देखना दिलचस्प है कि भाजपा डबल हैट्रिक बनाने में सफल होती है या कस्वां की हैट्रिक बनती है। चूरू जिला मुख्यालय पर मिले सहदेव ने बताया कि चुनाव में मुद्दे गौण हैं। तारानगर विधानसभा क्षेत्र की मोतीसिंह की ढाणी के रावताराम व शक्तिसिंह ने बताया कि चुनाव रोचक होगा।
मोदी ने खुद दी है टिकट
सिद्धमुख बस स्टैंड पर चुनावी चर्चा करते ग्रामीणों को देख मैं वहां रुका। रणसिंह भीमसाना, मदनसिंह श्योपुरा, रोहताश भानगढ़, रवीन्द्र कुमार चुबकियाताल, महेन्द्रसिंह धागड़ा तथा सिद्धमुख के कृष्ण ढाका व शंकर जोशी आदि ने अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में बात कही। इसके बाद मैं भादरा की ओर निकल लिया। हिसार बाइपास पर मिले भादरा विधानसभा क्षेत्र के महराना गांव के पूर्व सरपंच प्रकाश ने कहा कि टिकट कटवाने या दिलवाने की बात गलत है। टिकट स्वयं प्रधानमंत्री ने दी है। सिकरोड़ी गांव में अजयसिंह राठौड़, अभिमन्यु सिंह राठौड़, महावीर सिंह, वीरेन्द्र नाई, सदाराम ने बताया कि चुनावी माहौल अभी गति नहीं पकड़ पाया है।
क्षेत्र के प्रमुख मुद्दे
- फसल बीमा का भुगतान समय पर हो।
- रावतसर-सरदारशहर और आदमपुर-भादरा रेल सेवा से जोड़ा जाए।
- सिद्धमुख नहर में निर्धारित मात्रा में पानी चलाया जाए।
- पेयजल समस्या का समाधान खोजा जाए।
- सिरसा-सालासर हाईवे बनाया जाए।
सन 2019 के वोटों का गणित
792999 मत मिले थे भाजपा के राहुल कस्वां को
458597 वोट प्राप्त किए थे कांग्रेस के रफीक मंडेलिया ने
25090 मत मिले थे सीपीआई एम के बलवान पूनिया को
Published on:
08 Apr 2024 08:27 am
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
