
केन्द्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नीतिन गडकरी ने सालासर में शुक्रवार को चूरू जिले के लिए कई घोषणाएं की।
इसमें नए राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर आरओबी, आरयूबी और सर्विस लेन बनाने की घोषणाएं शामिल हैं। अपने निर्धारित कार्यक्रम से दो घंटे देरी से पहुंचे गडकरी ने करीब पौन घंटे के भाषण के दौरान हरियाणा बॉर्डर से श्रीडूंगरगढ़ वाया बहल-सादुलपुर-तारानगर-सरदारशहर नया राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि इसके बनने से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। यही नहीं गडकरी ने सिरसा-नोहर-तारानगर-चूरू तक पिछले बजट में घोषित राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्य की शीघ्र डीपीआर बनाने की भी घोषणा की।
इस दौरान उन्होंने सांसद राहुल कस्वा की मांग पर सादुलपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी बनवाने की घोषणा की। सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास एवं पंचायत राजमंत्री से मंच पर ही कई बार गुफ्तगू भी की।
अग्रसेन नगर में बनेगा आरओबी
समारोह में गडकरी के भाषण के दौरान ग्रामीण विकास पंचायत राज मंत्री राजेन्द्र राठौड़ घोषणाएं सुनकर खुद को नहीं रोक पाए। उन्होंने गडकरी से चूरू शहर के अग्रसेन नगर के लिए रेलवे ओवरब्रिज की मांग की। गडकरी ने आरओबी बनवाने की घोषणा कर दी। इसके अलावा पडि़हारा, रणधीसर, सुजानगढ़ में भी आरओबी बनाया जाएगा।
गोठ्या में बनेगी सर्विस लेन
सांसद राहुल कस्वा ने अपने भाषण में नए राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर गोठ्या गांव में सर्विसलेन बनाने सहित सात मांगे रखी। जिस पर गडकरी ने सभी मांगों को मान लिया और उन्होंने गोठया में सर्विस लेन बनाने की घोषणा कर दी। उन्होंने डोकवा, रतनपुरा, दूधवाखारा में भी आरओबी बनवाने की घोषणा की। इस पर सांसद ने खड़े होकर ताली बजाकर गडकरी का आभार जताया।
खुद को नहीं रोक पाए रिणवा
सभा स्थल पर जब नीतिन गडकरी घोषणाएं कर रहे थे। उस दौरान देवस्थान राज्य मंत्री राजकुमार रिणवा भी खुद को नहीं रोक पाए। वे गडकरी के पास गए और उन्होंने भी एनएच 11 के विस्तारीकरण के तहत रतनगढ़-राजलदेसर में सर्विस लेने बनवाने की मांग की। जिस पर गडकरी ने इस कार्य को करवाने की भी घोषणा कर दी। इस पर लोगों ने सभा स्थल पर नारे लगाए।
यह रहा चर्चा का विषय
सभा स्थल पर समाचार पत्रों में शिलान्यास समारोह का विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसमें ग्रामीण विकास एवं पंचायतराज मंत्री राजेन्द्र राठौड़, देवस्थान राज्य मंत्री राजकुमार रिणवा का विज्ञापन में फोटो प्रकाशित नहीं था। जिसकी सभास्थल और प्रशासनिक हलके में काफी चर्चा रही।
इधर जिलाध्यक्ष डा.वासुदेव चावला की हैलीपेड पर सीएम से चर्चा भी राजनीतिक हलके में चर्चा का विषय बनी हुई है। इसके जनप्रतिनिधि कई कयास लगा रहे हैं।
सरकार की योजनाओं से खुश हो...
सभा के बाद मुख्यमंत्री भी खुद को रोक नहीं पाई। वे सभा स्थल के पास बनी डी में महिलाओं के पास आई। उन्होंने होली की शुभकामनाएं दी और महिलाओं के गुलाल का तिलक लगाया। इस दौरान सीएम ने महिलाओं से सरकार की योजनाओं से खुश हो या नहीं। यह सवाल पूछा। इस पर सभी ने हामी भर दी। इस दौरान महिलाओं ने सीएम को चुनरी ओढ़ाई।
सालासर मंदिर में पांच मिनट की पूजा
केन्द्रीय मंत्री नीतिन गडकरी और मुख्यमंत्री एक ही कार में सालासर मंदिर में पहुंचे। उनके पहुंचने से एक मिनट पहले ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री राजेन्द्र राठौड़, देवस्थान राज्य मंत्री राजकुमार रिणवा आए। इसके बाद वे पहुंचे। इस दौरान मांगीलाल पुजारी, महावीर पुजारी, देवकीनंदन पुजारी, यशोदानंदन पुजारी आदि ने दोनों को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। वे दोनों मंदिर में केवल पांच मिनट रुके और पूजा अर्चना कर सभा स्थल के लिए रवाना हो गए।
जब केन्द्रीय मंत्री भाषण में घोषणाएं कर रहे थे। मुख्यमंत्री भी खुद को नहीं रोक पाई। जब चूरू जिले सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा की तो उन्होंने भी इस पर तालियां बजाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में भी उनकी प्रशंसा की।
इस मौके पर तारानगर विधायक जयनारायण पूनिया, सुजानगढ़ विधायक खेमाराम मेघवाल, समाज कल्याण बोर्ड की चेयरमैन कमला कस्वा, घुमंतु व अद्र्ध घुमंतु बोर्ड के अध्यक्ष जगमाल सांसी, संभागीय आयुक्त सुवालाल, जिला कलक्टर ललित कुमार, पुलिस अधीक्षक राहुल बारहट, भाजपा के रामसिंह कस्वा, जिला प्रमुख हरलाल सहारण, लाडनूं विधायक मनोहरसिंह, भाजपा के रामेश्वर भाटी, बसंत शर्मा, यशोदा माटोलिया, उप जिला प्रमुख सुरेन्द्र स्वामी, सभापति विजय शर्मा, सादुलपुर पालिका अध्यक्ष जगदीश बैरासरिया, राजलदेसर के पालिकाध्यक्ष गोपाल मारू, भाजपा के बुद्धिप्रकाश सोनी, ब्रह्मानंद राजोतिया, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिषेक चोटिया, सुरेश सारस्वत, सुशील लाटा, जिला महामंत्री धर्मवीर पुजारी, मनोज शर्मा, सुरेश पुजारी आदि मौजूद थे।
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
