सादुलपुर तहसील के गागड़वास गांव की बहू और घरड़ाना खुर्द की लाडली बेटी के सपनों को पंख लग गए हैं।
चूरू. सादुलपुर तहसील के गागड़वास गांव की बहू और घरड़ाना खुर्द की लाडली बेटी के सपनों को पंख लग गए हैं। जयपुर में सब इंसपेक्टर के पर कार्यरत सपना पूनिया को पदोन्नत किया गया है। उनको यह पदोन्नति रियो ओलम्पिक में दौडऩे पर प्रदान की गई है। जानकारी के अनुसार बचपन से होनहार सपना स्कूल के दौरान ही खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेती थी। उसने जिला और राज्य स्तर पर पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई। सपना के पिता सेना से रिटायर्ड हैं और मां गृहिणी हैं। दोनों ने सपना को खेल में भाग लेने के लिए कभी नहीं रोका। राष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड बनाने पर सरकार ने सपना को विशेष रूप से २०१५ में सब इंसपेक्टर के पद पर नियुक्त किया था। इस नियुक्ति के बाद उन्होंने रियो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का मान बढ़ाया। इस पर पुलिस मुख्यालय ने गत वर्षप्रस्ताव गृह विभाग को भेजा था।विभाग ने बुधवार को पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए। सपना पहली महिला अधिकारी है जिन्हें खेल कोटे से इंसपेक्टर पद पर पदोन्नति मिली है। पदोन्नति मिलने के बाद सपना ने बताया कि वह देश की झोली में पदकों की बोझार करना चाहती है। इसके लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
अब तक जीत का सफर
- वर्ष 2013 में लखनऊ में 10 किमी में स्वर्ण पदक
- 2014 में पटियाला में 20 किमी में रजत पदक, नईदिल्ली में 20 किमी में स्वर्ण पदक, हरियाणा के मधुबन में 10 किमी में स्वर्ण पदक जीत चुकी है।
- मार्च 2015में जापान में हुई एशियन चैम्पियनशिप में चौथा स्थान प्राप्त किया।
- जून-जुलाई 2015 में अमरीका में हुए वल्र्ड पुलिस गैम में स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास बनाया।
- 2015 में वल्र्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप बीजिंग में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
- सपना ने जापान में आयोजित एशियन वॉकिंग चैम्पियनशिप में एक घंटा 35 मिनट 36 सैकण्ड में 20 किमी की दूरी तय कर एशिया महाद्वीप में चौथा स्थान प्राप्त किया।
- अमरीका के वर्जिनिया वल्र्ड पुलिस गेम्स में पांच किमी में स्वर्ण पदक जीता।