
पांचवे दिन भी चूरू प्रदेश में सबसे गर्म
चूरू.
अंचल में करीब 10 दिन से भीषण व प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। दो दिनों से पारे में गिरावट जारी है लेकिन अभी भी 47 डिग्री के पार टिका है। इसके कारण जिले में पड़ रही प्रचंड गर्मी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। हालांकि प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।
मंगलवार तक जहां पांच जिलों में पारा सामान्य था वहीं बुधवार को 10 जिलो में तापमान सामन्य हो गया। अगले दो दिन तक भीषण गर्मी से कुछ राहत रहेगी। लेकिन आठ व नौ जून को प्रदेश के 27 जिलों में प्रचंड व भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गई है।
इधर बुधवार को चूरू में अधिकतम तापमान 47.3 व न्यूनतम 31.0 डिग्री दर्ज किया गया। इसी के साथ चूरू प्रदेश में लगातार पांचवे दिन सबसे गर्म बना रहा। हालांकि तीन दिन में पारा तीन डिग्री नीचे आ गया। चूंकि तीन जून के पारा 50.3 डिग्री पहुंच गया था। वहीं जयपुर में रात का पारा ३४.1 डिग्री के साथ सबसे अधिक दर्ज किया गया।
जानिए पांच जिलों का सर्वाधिक पारा
जिला ---------तापमान
चूरू ------------47.3
कोटा -----------47.0
श्रीगंगानगर ----46.8
बीकानेर------- 46.0
जैसलमेर ------45.1
गर्मी के तीव्र प्रभाव से पशुधन का इस तरह करें बचाव
- पशुओं को प्रात: 9.00 बजे से सांय 6 बजे तक छायादार स्थान यथा पेड़ों के नीचे अथवा पशुबाड़ों में रखें। पशुबाड़ों में हवा का पर्याप्त प्रवाह तथा विचरण हेतु पर्याप्त स्थान की उपलब्धता हो। संकर प्रजाति के एवं उच्च दुग्ध क्षमता वाले पशुओं के बाड़ों के दरवाजे-खिड़कियों पर पाल/टाटी लगाकर दोपहर के समय पानी का छिड़काव करें तथा भैंसवंशीय पशुओं को शाम के समय नहलाएं।
- पशुओं को दिन में कम से कम तीन बार ठंडा, शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाया जाना चाहिए।
- सूखे चारे के साथ-साथ हरा चारा दें
- भारवाहक पशुओं को प्रात: एवं संायकाल ही काम में लें। दोपहर में १२.०० बजे से ३.०० बजे तक इन्हे आराम दें।
- पशुओं को तापघात की स्थिति होने पर तत्काल उन्हे छायादार स्थान पर ले जाकर पूरे शरीर पर पानी डालेें, सिर पर ठंडे पानी से भीगा कपड़ा बारी-बारी से रखें तथा यथाशीघ्र निकटतम पशु चिकित्सक से उपचार करवाएं।
- पशु चिकित्सक की सलाह पर आवश्यक रोग प्रतिरोधक टीके भी लगवाएं।
Published on:
5 Jun 2019, 10:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.