सरदारशहर के भानीपुरा थाने के हरजेसर गांव के पास हादसा
दो लोग गम्भीर रूप से हो गए घायल
चूरू. तेज रफ्तार कार मेगा हाइवे पर दौड़ी चली जा रही थी। कार में संगीत की धुन पर युवा मग्न थे। देर रात अपने गांव पहुंचने से पहले उन्होंने सोचा भी नहीं था कि कुछ क्षण बाद ही अनहोनी होने वाली है। रात के अंधेरे में अचानक मेगा हाइवे पर एक गाय दौड़ी चली आई और कार से टकराती इससे पहले ड्राइवर ने तेज रफ्तार कार का स्टीयरिंग घुमा दिया। कार सड़क किनारे एक पेड़ जा टकराई और पलट गई। इस हादसे में मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई। दो दोस्त गम्भीर रूप से घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि भानीपुरा थाने के गांव हरदेसर के पास मेगा हाइवे पर गाय को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर कार पेड़ के टकरा गई। जिसके कारण कार में सवार एक जने की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य सवार घायल हो गए। गंगापुर फतेहपुर निवासी दिनेश, बांरी फतेहपुर निवासी धर्मेंद्र व रिंकू जाट कार से हनुमानगढ जा रहे थे। हरदेसर गांव के पास गाय को बचाने के दौरान कार अनियंत्रित होकर पेड़ के टकरा गई। जिससे रिंकू जाट की मौत हो गई। दिनेश व धर्मेन्द्र घायल हो गए।
खेत में कार्य करते समय किसान की मौत
रतनगढ़. खेत में कृषि कार्य करते समय अचानक तबीयत बिगडऩे से एक व्यक्ति की मौत हो गई। भागीरथ जाट निवासी चैनपुरा ने गुरुवार को पुलिस को रिपोर्ट दी कि उसका ताऊ का लड़का सांवरमल जाट (42) पुत्र सहीराम जाट निवासी चैनपुरा बुधवार को कृषि कार्य करने खेत गया था। शाम को खेत में कृषि कार्य करते समय सांवरमल की तबीयत खराब हो गई। बेहोशी की हालत में सांवरमल को रतनगढ़ के जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने भागीरथ की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज किया। बाद में पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सौंप दिया।
युवक ने की आत्महत्या
सुजानगढ़. रतनगढ़ से लाडनूं जाने वाली मालगाड़ी से कटकर एक युवक ने बुधवार रात को करीब एक बजे आत्महत्या कर ली। सम्राट होटल के पास रेल पटरियों पर शव क्षत विक्षत हो गया। मृतक की पहचान गुलेरिया गांव निवासी 20 वर्षीय राजेश नायक के रूप में हुई। सूचना पर आरपीएफ के एएसआई भोमङ्क्षसह पहुंचे और जीआरपी रतनगढ़ को सूचना दी। हारे का सहारा टीम संयोजक श्याम स्वर्णकार व टीम सदस्यों ने शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शव का पोस्टमार्टम पश्चात परिजनों को सौंप दिया गया। जीआरपी के एचसी यूसुफ खान के अनुसार मृतक राजेश के भाई मुकेश ने रिपोर्ट दी। मृतक ने मोबाइल पर स्टेट््स भी लगा रखा था।
तलवार सहित फरार आरोपी गिरफ्तार
सादुलपुर. पुलिस ने एक आरोपी को तलवार सहित गिरफ्तार किया है। थाना अधिकारी सुभाषचंद्र ने बताया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी व अवैध कार्यों के विरुद्ध अभियान अंतर्गत फरार आरोपी सूर्यप्रकाश वार्ड 33 सादुलपुर को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की। उसके कब्जे से एक तलवार बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल कुलदीप कुमार, इन्द्रकुमार, राकेश कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार करने में भूमिका निभाई।