जिले के विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन: चोरियां पर अंकुश लगाएं, पानी-बिजली की समस्याओं का समाधान करें
चूरू. प्रदेश के निर्देशानुसार भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस की नाकामियों एवं पानी-बिजली की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया और अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया कि प्रदेश में साढे चार वर्षों से सरकार की अन्र्तकलह के कारण प्रदेश का विकास अवरूद्ध हो गया है। पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को पानी और बिजली मुहैया कराने में असफल रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शासन में लगातार प्रदेश अपराध में अव्वल बनता जा रहा है। मुख्यमंत्री सरकार बचाने में व्यस्त रहे। सरकार ने किसानों को फसल खराबे का मुआवजा देने का वादा किया था, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया। अब आने वाले चुनावों में किसान इस नाकारा सरकार को सिखाएगा। प्रदेश में गहलोत सरकार ने 7 पैसे प्रति यूनिट आम उपभोक्ता पर अडाणी टैक्स के रूप में लगाया है। जिससे कांग्रेस की कथनी और करनी में अन्तर नजर आ रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि प्रदेश में इस समय ऐसी सरकार चल रही है जिसने प्रदेश को रसातल में पहुंचा दिया है। इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय परिषद् सदस्य ओम सारस्वत ने कहा कि इस सरकार की नाकामियों की जितनी चर्चा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने राजनैतिक विरोधी को खुलेआम कह रहे हैं की उनमें किसी प्रकार की काबिलियत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह सरकार प्रदेश के आम जनता को राहत शिविरों के माध्यम से परेशान कर रही है। इस अवसर पर जिला महामंत्री भास्कर शर्मा, प्रधान दीपचन्द राहड़, जिला उपाध्यक्ष सत्तार खान, नेता प्रतिपक्ष विमला गढ़वाल, विक्रम कोटवाद ने भी संबोधित किया।
सरदारशहर. भाजपा मंडल अध्यक्ष, नारायण माली, पूलासर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र राठौड़, सवाई मंडल अध्यक्ष प्रभुदयाल सहारण, भादासर मंडल अध्यक्ष राजवीरङ्क्षसह राठौड़, मधुसूदन राजपुरोहित के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ एसडीएम कार्यालय के आगे प्रदर्शन किया तथा राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन देने जब उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में पहुंचे तो वहाँ पर उपखण्ड अधिकारी के नहीं मिलने के कारण पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ताओं ने उपखण्ड अधिकारी के कार्यालय में धरने पर बैठ कर विरोध जताया।