
नई दिल्ली। किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन का कहना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच में मिली जीत उनकी परीक्षा थी। होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब ने राजस्थान को छह विकेट से हरा दिया।
दो सप्ताह से एक भी अंक हासिल नहीं किया
अश्विन ने मैच के बाद एक बयान में कहा, "हम काफी समय से अच्छा नहीं खेल रहे थे। पिछले दो सप्ताह में हमने एक भी अंक हासिल नहीं किया था। ऐसे में हम निराश थे। शुक्र है कि अब हमारे पास अंक हैं। यह जीत हमारे लिए परीक्षा थी।" इस मैच में पंजाब के बल्लेबाजों ने राजस्थान की ओर से दिए गए 153 रनों के लक्ष्य को जीतने में अहम भूमिका निभाई। लोकेश राहुल (84) ने सबसे अधिक रन बनाए। इसके अलावा, करुण नायर (33) और मार्कस स्टोइनिस (23) ने भी अहम योगदान दिया।
बल्लेबाजों से खुश हैं अश्विन
कप्तान अश्विन ने कहा, "हमारे बल्लेबाजों में से एक ने अंत तक पारी को संभाला और इससे मैं काफी खुश हूं। हमें अधिकतर मैचों में जीत हमारे गेंदबाजों की वजह से मिली है और यह अच्छी बात है। हम जानते हैं कि टीम का एक विभाग अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। सबसे खास बात यह है कि टीम में हमारे अधिकतर भारतीय बल्लेबाजों के पास अधिक अनुभव नहीं है और वे बेहतर हो जाएंगे।"
राजस्थान की राह मुश्किल
बता दें ये पंजाब की नौ मैचों में यह छठी जीत थी और अब उसके 12 अंक हो गए हैं तथा वह तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। वहीं राजस्थान को इतने ही मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा है। इस हार से राजस्थान के लिए अब प्लेआफ की राह बहुत मुश्किल हो गई है। अब राजस्थान को 5 में 5 मैच जीतना पड़ेगा ।
Published on:
7 May 2018, 4:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.